सार
कटनी के बरगवां स्थित किसना ज्वेलर्स शोरूम में चोरों ने दीवार में सेंध लगाकर करीब 12 करोड़ रुपये के सोने और हीरे के जेवर चोरी कर लिए। वारदात 12 नवंबर की सुबह हुई। पुलिस, फॉरेंसिक टीम और सीसीटीवी फुटेज के जरिए जांच कर रही है।
कटनी के बरगवां में एलआईसी के पास स्थित किसना ज्वेलर्स के शोरूम से चोरों ने करीब 12 करोड़ रुपये मूल्य की गोल्ड और डायमंड ज्वेलरी चोरी कर ली। चोरी की इस बड़ी घटना का पता गुरुवार सुबह करीब 11:00 बजे चला। दुकान संचालक मोहन बजाज ने जब शोरूम का शटर खोला, तो अंदर का सारा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। डिस्प्ले काउंटर और तिजोरियां पूरी तरह खाली थीं। संचालक मोहन बजाज ने बताया कि चोर लगभग 12 करोड़ रुपये के सोने और हीरे के जेवर समेट ले गए। दिवाली के त्योहार के चलते शोरूम में ज्वेलरी का भारी स्टॉक रखा हुआ था।
तड़के दीवार में सेंध लगाकर चोरी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच के मुताबिक चोरी की यह वारदात 12 नवंबर की सुबह 4:00 से 7:00 बजे के बीच हुई है। चोर शोरूम के पिछले हिस्से की दीवार में सेंध लगाकर अंदर दाखिल हुए थे। इसके बाद अपराधियों ने सेफ और काउंटरों को निशाना बनाकर वहां रखी पूरी ज्वेलरी पार कर दी।
फॉरेंसिक साक्ष्य और सीसीटीवी की जांच
पुलिस इस मामले की गहन जांच कर रही है। फॉरेंसिक टीम और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट्स ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं, ताकि चोरों की उंगलियों के निशान और अन्य सुराग हासिल किए जा सकें। इसके अलावा इलाके के तमाम प्रमुख रास्तों और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है, जिससे चोरों के आने और भागने के रास्तों का पता लगाया जा सके।
शोरूम के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को तकनीकी विश्लेषण के लिए पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि पेशेवर चोरों के इस गिरोह को पकड़ने के लिए कई विशेष टीमों का गठन कर दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और चोरी गए माल की बरामदगी सुनिश्चित की जाएगी।