मध्यप्रदेश के एक आईएएस को नेहरू की तारीफ करने पर सरकार ने नोटिस भेजकर उनसे जवाब मांगा तो अब एक और दूसरे आईएएस पर नजला उतारने की तैयारी हो गई है। सरकार ने तमिलनाडु की मुख्यमंत्री जयललिता की विधानसभा चुनावों में जीत के बाद उन्हें बधाई देने वाले नरसिंहपुर के जिला कलेक्टर को भी नोटिस भेज कर उनसे जवाब मांगा है।
टाइम्स ऑफ इंडिया के अनुसार मध्यप्रदेश सरकार ने नरसिंहपुर के जिला कलेक्टर सिबी चक्रवर्ती को सिविल सर्विस कोड का उल्लंघन करने के मामले में नोटिस भेज दिया है। सिबी ने कुछ दिन पहले तमिलनाडु विधानसभा चुनावों में जीत के बाद जयललिता को बधाई देते हुए फेसबुक पर एक पोस्ट की थी।
19 मई को जयललिता की जीत के बाद चक्रवर्ती ने अपने फेसबुक पेज पर लिखा था "बधाई अम्मा"। मामला सामने आने के बाद उन्होंने यह कमेंट डिलीट कर दिया। लेकिन सरकार ने इस काफी गंभीरता से लिया और सिबी को नोटिस भेज कर एक हफ्ते में जवाब मांगा गया है। वहीं जब सिबी से इस संबंध में पूछा गया तो उन्होंने कुछ भी कहने से इंकार कर दिया।