पूर्व विधायक पंडित रमेश दुबे की टिकिट कटने से नाराज उनके समर्थकों ने छिंदवाड़ा भाजपा कार्यालय के सामने पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया, वहीं यहां नारेबाजी करते हुए अपने इस्तीफे पार्टी कार्यालय के बाहर सौंपते हुए लखन वर्मा की टिकट रद्द करने की मांग की। रविवार को जैसे ही चौरई विधानसभा क्षेत्र से लखन वर्मा को भाजपा ने अपना अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया, उसके बाद से ही दुबे समर्थकों में नाराजगी देखी जा रही है। लगभग 100 से ज्यादा गाड़ियों का काफिला पंडित रमेश दुबे के निवास से छिंदवाड़ा भाजपा कार्यालय तक पहुंचा, जहां पर पंडित रमेश दुबे के समर्थकों ने जमकर नारेबाजी की, और प्रदेश संगठन के नाम अपने इस्तीफे सौंप दिए।
ऐन वक्त पर बदला गया टिकट, उठाए गए सवाल
गौरतलब है कि पहले चौरई विधानसभा क्षेत्र से पंडित रमेश दुबे को प्रबल दावेदार माना जा रहा था, आज जब लिस्ट आई तो लखन वर्मा का नाम घोषित किया गया जिसके बाद पंडित रमेश दुबे के समर्थकों ने अनूठा विरोध जताया।