प्रदेश में 17 नवंबर को मतदान होगा। इससे पहले कांग्रेस, भाजपा से लेकर अन्य राजनीतिक दलों के नेताओं के बयान खूब चर्चा में रहे। इसमें नेताओं ने किसी को मूर्खों का सरदार कहा तो किसी को गद्दार कहा गया। तीखी बयानबाजी कमलनाथ के कपड़ा फाड़ बयान से शुरू हुई। इस पर भाजपा ने उनको घेरा। दरअसल, टिकट को लेकर शिवपुरी के कार्यकर्ता कमलनाथ के आवास पर प्रदर्शन करने पहुंचे थे, जहां पीसीसी चीफ ने उनको दिग्विजय सिंह और जयवर्धन के कपड़े फाड़ने का बयान दिया। इसका वीडियो सोशल मीडिया में आने के बाद भाजपा ने कांग्रेस और कमलनाथ को जमकर घेरा।
राहुल को बताया मूर्खों का सरदार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी रैली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी का नाम लिए बगैर उनको मूर्खों का सरदार बता दिया। प्रधानमंत्री ने राहुल के भारत के सब लोगों के पास मेड इन चाइना मोबाइल को लेकर दिए बयान पर कहा कि अरे मूर्खों के सरदार...। यह किस दुनिया में रहते हैं। इनको अपने देश की उपलब्धियां नहीं दिखती हैं।
प्रियंका ने सिंधिया को कहा गद्दार
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को गद्दार करार दिया। इसके अलावा एक जनसभा में प्रियंका ने सिंधिया पर हमला करते हुए कहा कि ज्योतिरादित्य सिंधिया कद में थोड़े छोटे पड़ गए, लेकिन उन्होंने अपने परिवार की परंपरा बहुत अच्छे से निभाई। विश्वासघात बहुत लोगों ने किया, लेकिन इन्होंने ग्वालियर-चंबल की जनता के साथ किया। वहीं, सिंधिया ने भी प्रियंका गांधी पर पलटवार करते हुए उनको पार्ट टाइम नेता करार दिया।
भाजपा नेताओं को कहा चोर डकैत
कांगेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने दतिया में एक रैली में भाजपा नेताओं को चोर डकैत कह डाला। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार गिराने के लिए बड़ी डकैती डालती है। वहीं, उन्होंने एक जनसभा में कहा कि उनका मुकाबला मोदी, शिवराज, ईडी, सीबीआई, आईटी जैसे पांच पांडवों से है। इस पर भाजपा ने भी पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस नेता ने मान लिया कि वह कौरव की सेना है।
सपा प्रमुख ने कांग्रेस को कहा चालू पार्टी
मध्य प्रदेश की चुनावी सभा में समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने कांग्रेस को चालू पार्टी कहा। उन्होंने कहा कि जनता को कांग्रेस से सावधान रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमने कांग्रेस पर विश्वास कर गलती कर दी।
शिवराज को कहा नौटंकीबाज सीएम
पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की। उन्होंने कन्या पूजन को लेकर पूछे एक सवाल पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को नौटकंकी बाज सीएम कहा। इस पर शिवराज ने भी उन पर पलटवार किया। वहीं, पीसीसी चीफ कमलनाथ शिवराज को कई मौकों पर अच्छी एक्टिंग करने वाला बता चुके हैं।