जन आक्रोश यात्रा में शामिल कांग्रेस के नेता
- फोटो : अमर उजाला
मध्यप्रदेश के डिंडौरी जिले में सोमवार को कांग्रेस ने जन आक्रोश यात्रा के जरिये शक्ति प्रदर्शन किया। डिंडौरी विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री ओमकार मरकाम की अगुवाई में विशाल रैली निकालकर कार्यकताओं ने एकजुटता का संदेश दिया। रैली के बाद कांग्रेस की जन आक्रोश यात्रा बस स्टेंड स्थित जनसभा पहुंची, जहां कांग्रेस नेताओं ने भाषणबाजी की। खास बात यह है कि जनसभा को संबोधित करने के दौरान डिंडौरी कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष जावेद इक़बाल की जुबान फिसल गई और उन्होंने राहुल गांधी को स्वर्गीय कह डाला।
सनातन विवाद मामले में डिंडौरी विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री ओमकार मरकाम ने जनसभा के दौरान देश के प्रधानमंत्री पर निशाना साधा तो वहीं इंदौर में कमलनाथ के कार्यक्रम में पत्रकारों के साथ हुई अभद्रता को बीजेपी की साजिश बता दिया। कांग्रेस की जन आक्रोश यात्रा में डिंडौरी विधायक ओमकार मरकाम, पूर्व कैबिनेट मंत्री कमलेश्वर पटेल, शहपुरा विधायक भूपेंद्र मरावी समेत हजारों की तादात में कार्यकर्ता शामिल हुए। कांग्रेस की जन आक्रोश यात्रा ने सोमवार को डिंडौरी में विश्राम किया। आज (मंगलवार) मंडला व बालाघाट जिले के लिए रवाना होगी।