MP Election 2023: सीएम शिवराज सिंह चौहान मंदसौर जिले के दलौदा कृषि उपज मंडी में चुनावी जनसभा को संबोधित किए। इस दौरान उन्होंने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने भाई बहन को कहा, ये लोग मध्यप्रदेश में मनोरंजन करने आते हैं।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को दलौदा कृषि उपज मंडी में बीजेपी प्रत्याशी यशपाल सिंह सिसौदिया के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित किया। मुख्यमंत्री चौहान ने सबसे पहले दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आपके जीवन में सुख-समृद्धि आए। लेकिन सुख-समृद्धि तभी आएगी, जब फिर से बीजेपी सरकार आएगी।
विज्ञापन
सीएम शिवराज ने कहा, मैं सरकार नहीं चलाता हूं, मैं परिवार चलाता हूं। आप सब मेरे परिवार हैं। इस बीच उन्होंने लाड़ली बहन योजना सहित अन्य योजनाओं की जानकारी दी और दलौदा में किए गए विकास कार्यों को गिनाया। साथ ही बीजेपी के वचन पत्र में शामिल गेहूं और धान खरीदी के समर्थन मूल्य की भी बात कही। विधायक यशपाल सिंह सिसौदिया ने अपने उद्बोधन में एनडीपीएस एक्ट की विसंगति को लेकर मुख्यमंत्री से इसका अवलोकन कर सरलीकरण की मांग की।
इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/29 का मैं स्वयं अवलोकन कर इसमें संशोधन करवाऊंगा, ताकि किसानों को इससे परेशानी न हो। आपने दलौदा के लिए जो मांगा, मैंने दिया। आज मैं आपसे बीजेपी की सरकार के लिए आशीर्वाद मांगने आया हूं, ताकि विकास का यह सिलसिला यूं ही चलता रहे। सीएम चौहान ने कहा कि हम हर परिवार में एक व्यक्ति को रोजगार देंगे। साथ ही प्रतिभावना छात्र-छात्राओं को लैपटॉप और स्कूटी देने की भी बात कही।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि हम डबल इंजन की सरकार चला रहे हैं तो काग्रेस डबल मनोरंजन कर रही है। प्रियंका गांधी आती हैं और कहती हैं राम 13 साल के लिए बनवास गए थे, जबकि बच्चे-बच्चे को पता है कि राम कितने साल के लिए बनवास गए थे। उनके नेता उनको बिना फूल का गुलदस्ता देते हैं।
इस दौरान मुख्यमंत्री चौहान ने राहुल गांधी पर भी निशाना साधा और कहा कि दोनों भाई-बहन आते हैं और मध्यप्रदेश में मनोरंजन करके जाते हैं। कांग्रेस का भूतकाल बंटाढाल था। न सड़क न बिजली और न पानी कांग्रेस का भविष्य है, केवल हमारा परिवार। दिल्ली में गांधी परिवार और एमपी में कमलनाथ और दिग्विजय सिंह का परिवार ये है सिर्फ इनके परिवार की सोचते हैं जनता जाए भाड़ में। अंत में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जनसभा में सभी के हाथ ऊपर उठवाकर भाजपा के पक्ष में मतदान का संकल्प करवाया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दुनिया के अद्भुत नेता
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को भाजपा प्रत्याशियों सुवासरा, मंदसौर, सैलाना, बड़नगर, उज्जैन उत्तर, घट्टिया, उदयपुरा, शमशाबाद, गंजबासोदा, विदिशा और नरेला में विशाल चुनावी सभाओं को संबोधित किया। सीएम चौहान ने विजयादशमी, दीपावली और आज भाईदूज के दिन भी प्रदेश भर में 11 विधानसभाओं में सभाएं की और जनता-जनार्दन से संवाद किया। चौहान ने इस दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज भाई दूज पर तुम्हारे भाई का ये संकल्प है कि बहनों की आंखों में आंसू नहीं रहने दूंगा। बहनों को मजबूर नहीं रहने दूंगा और बहनों को गरीबी के दलदल से बाहर निकालकर रहूंगा। उन्होंने कहा कि यह मेरे लिए चुनाव का मुद्दा नहीं, यह मेरे लिए श्रृध्दा का विषय है।
हम डबल इंजन वो डबल मनोरंजन
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। चौहान ने कहा कि हमारी सरकार डबल इंजन की सरकार है। डबल इंजन की सरकार में मोदी जी वहां हैं और मामा यहां हैं। लेकिन कांग्रेस में केवल मनोरंजन है। हम डबल इंजन हैं तो वो दोनों भाई-बहन डबल मनोरंजन हैं। दोनों भाई-बहन मनोरंजन करने ही मध्यप्रदेश आते हैं और लगातार झूठ बोलते हैं। प्रियंका गांधी कहती हैं कि तीन साल में केवल 21 लोगों को रोजगार मिला। कभी वो बता देती हैं कि भगवान राम को 13 साल के लिए वनवास हुआ था। अब उनको यही पता नहीं है कि राम भगवान को वनवास कितने साल हुआ था। राहुल गांधी भी कुछ भी बोलते रहते हैं, ये भाई बहन रोज झूठ बोलते हैं।
कांग्रेस का भूतकाल बंटाधार और वर्तमान जूतम पैजार
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस और उनके नेताओं पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस का भूतकाल बंटाधार था। कांग्रेस का वर्तमान जूतम पैजार है और कांग्रेस का भविष्य है, केवल हमारा परिवार। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, मैडम सोनिया गांधी और यहां मध्यप्रदेश में कमलनाथ, दिग्विजय सिंह का सिर्फ एक ही लक्ष्य है “हमारा परिवार” बाकी पार्टी, प्रदेश की जनता और विकास से इनका कोई लेना-देना नहीं है। मिस्टर बंटाधार के जमाने में प्रदेश में न तो बिजली थी, न पानी था और न ही सड़कें थीं। जबकि भारतीय जनता पार्टी सबके लिए है और भाजपा का लक्ष्य सबका साथ सबका विकास है।
कांग्रेस अनाथ हो गई है
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सुवासरा में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि हम मोदी जी के नेतृत्व में काम कर रहे हैं, सबका साथ सबका विकास ही हमारा लक्ष्य है। लेकिन कांग्रेस में ऊपर भी केवल दो यानी राहुल-प्रियंका का विकास हो रहा है और अपने मध्यप्रदेश में भी दो यानी कमलनाथ-दिग्विजय का विकास हो रहा है। बाकी कांग्रेस पूरी तरह से अनाथ हो गई है। कांग्रेस में दिग्विजय कमलनाथ के दो पाट हैं और इन दोनों पाटों के बीच कार्यकर्ता बारीक पिस रहे हैं। यही वजह है कि हमारे कुछ साथी कांग्रेस छोड़कर हमारे पास आ गए हैं। यह कांग्रेस पार्टी कभी भी प्रदेश और जनता का भला नहीं कर सकती है।
लाड़ली बहनों के साथ मनाया भाईदूज
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान हर त्योहार अपनी बहनों के साथ ही मनाते हैं। चुनाव की व्यवस्तताओं के बाद भी चौहान अपनी बहनों के लिए समय निकाल लेते हैं और उनके बीच पहुंच जाते हैं। धनतेरस पर बहनों के साथ खरीदारी की तो दीपावली पर भी सैंकड़ों लाड़ली बहनों के साथ दीपोत्सव मनाया। आज भाईदूज के दिन भी चौहान ने दूज का ये पावन पर्व अपनी लाड़ली बहनों के साथ ही मनाया। इस दौरान बहनों ने अपने लाड़ले भैया शिवराज की आरती उतारी, माथा चूंमा और मुंह मीठा करवाया। मुख्यमंत्री ने भी बहनों के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया। बहनों के साथ भाईदूज का ये नजारा हर सभा से पहले देखने को मिल रहा था। भाई-बहनों के बीच का ये प्यार, दुलार, प्रेम और स्नेह देखते ही बन रहा था।
आदिवासी भाई-बहनों के साथ अंतरात्मा का रिश्ता है
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि आदिवासी भाई-बहनों की जिंदगी बदले, इसलिए पेसा एक्ट भाजपा सरकार ने मध्यप्रदेश की धरती पर लागू किया है। अब तेंदू पत्ते की तुड़वाई 3000 रुपये नहीं बल्कि 4000 रुपये प्रति मानक बोरा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि मैं तेंदूपत्ता तोड़ने वाले भाई बहनों के पांव में जूते-चप्पल पहनाता हूं तो कांग्रेस को तकलीफ होती है, कहते हैं कि ये तो जूते-चप्पल पहना रहा है। मैंने कहा, जब गरीब भाई-बहन नंगे पांव होते हैं और उन्हें कांटा चुभता है तो उस दर्द को सिर्फ शिवराज ही समझ सकता है। क्योंकि वो कांटा उनके पांव में नहीं मेरे सीने में चुभता है। मेरे भाई-बहनों के साथ मेरा अंतरात्मा का रिश्ता है। ये कभी कांग्रेस और उसके नेता नहीं समझ सकते हैं।