छिंदवाड़ा में बीजेपी ने परासिया से ज्योति डेहरिया और अमरवाड़ा से मोनिका बटटी को प्रत्याशी बनाया है। देखा जाए तो छिंदवाड़ा के लिए शायद ऐसा मौका पहली बार होगा कि जब किसी पार्टी ने दो-दो महिलाओं को टिकट देकर विधानसभा चुनाव का प्रत्याशी बनाया है।
इसको लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। देखा जाए तो लाड़ली बहना योजना के बाद से लगातार बीजेपी महिला वोटरों को रिझाने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है। ऐसे में कमलनाथ के गढ़ छिंदवाड़ा में बीजेपी ने दो-दो महिला कैंडिडेट को टिकट देकर यह साबित करने की कोशिश की है कि बीजेपी महिलाओं को बराबरी का हक दे रही है।
क्या पड़ेगा असर?
आपको बता दें कि आने वाले चुनाव में बीजेपी ने दो महिलाओं को टिकट दिया है। ऐसे समय में जबकि केंद्र सरकार के द्वारा महिला आरक्षण बिल सदन में पारित किया गया है। समझा जा सकता है कि आगामी चुनाव में बीजेपी इस मुददे को लेकर जनता के बीच जा सकती है। क्योंकि दो महिला प्रत्याशी चुनावी मैदान में होंगी और लाड़ली बहना योजना को लेकर इन दोनों कैंडिडेट को पार्टी लाड़ली बहनों को साधने का काम करेगी। ताकि दोनों विधानसभा क्षेत्रों में अच्छा मैसेज जा सके।
बताते चलें, सात दिन पहले भारतीय गोंडवाना पार्टी से भाजपा में आई पूर्व एमएलए मनमोहन शाह भट्टी की बेटी मोनिका शाह को आखिरकार भाजपा ने अमरवाड़ा विधानसभा का प्रत्याशी घोषित कर दिया है। भाजपा कार्यालय के द्वारा जारी की गई इस लिस्ट में मोनिका बट्टी को अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया गया है, जिससे अब तमाम कयासों पर विराम लग गया है।
गौर किया जाए तो अमरवाड़ा विधानसभा से मोनिका बट्टी के अलावा पूर्व मंत्री रह चुके प्रेम नारायण ठाकुर के बेटे उत्तम ठाकुर का नाम चल रहा था। वहीं, कांग्रेस विधायक राजा कमलेश शाह की बहन कामिनी शाह को भी बीजेपी टिकट देने के मूड में थी। लेकिन एन वक्त पर मोनिका ने भाजपा में आकर सारे समीकरण बदल दिए।
आपको बता दें कि मोनिका बट्टी बटकाखापा क्षेत्र के देवरी गांव में रहती हैं। जहां से कुछ दूरी पर आंचल कुंड का वह दरबार है, जहां अमित शाह ने हाजिरी लगाई थी। गोंडवाना पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच लोकप्रिय माने जाने वाली मोनिका शाह बट्टी आदिवासी समाज में अच्छी पकड़ रखती हैं। ऐसे में पार्टी ने कई समीकरणों को देखते हुए यह टिकट जारी किया है।
कामिनी और उत्तम खेमे में मायूसी
सात दिन पहले भाजपा की सदस्य लेने वाली मोनिका शाह को अचानक टिकट मिलने की खबर लगते ही अमरवाड़ा से दावेदार समझे जाने वाले उत्तम ठाकुर और कामिनी शाह के समर्थकों में मायूसी देखी जा रही है। हालांकि, अभी इसको लेकर दोनों ही दावेदारों का कोई बयान सामने नहीं आया है। लेकिन समझा जा सकता है कि कहीं न कहीं अंदरूनी तौर पर मोनिका की टिकट को लेकर दोनों दावेदारों में असंतोष का माहौल है।