बदनावर से कांग्रेस विधायक भंवरसिंह शेखावत
- फोटो : अमर उजाला
बदनावर से कांग्रेस विधायक भंवरसिंह शेखावत ने रविदास समाज के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में वीडियो जारी कर अपनी गलती स्वीकार की और सार्वजनिक रूप से माफी मांग ली। एक साक्षात्कार में विधायक द्वारा की गई टिप्पणी के बाद रविदास समाज और विभिन्न सामाजिक तथा राजनीतिक संगठनों में रोष व्याप्त हो गया था। लगातार बढ़ते विरोध और पुलिस में प्रकरण दर्ज कराने की चेतावनियों के बीच विधायक ने देर रात वीडियो संदेश के जरिये खेद व्यक्त किया।
आपत्तिजनक टिप्पणी पर दिनभर बढ़ा जनविरोध
इंटरव्यू में विधायक भंवरसिंह शेखावत की टिप्पणी का मामला सामने आते ही दलित समाज सहित अन्य समाजजनों में भी गहरी नाराजगी देखने को मिली। सोशल मीडिया पर यह मामला चर्चा में रहा और लोगों ने विधायक के बयान पर कड़ा विरोध जताया। सोशल मीडिया पर अनेक लोगों ने विधायक से अपनी विवादित टिप्पणी पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग उठाई। कई लोगों ने जनप्रतिनिधि की इस भाषा शैली पर आपत्ति जताते हुए उनके खिलाफ पुलिस थाने में प्रकरण दर्ज करने की मांग भी की।
आजाद समाज पार्टी ने दी केस दर्ज कराने की चेतावनी
आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के जिलाध्यक्ष आशीष चौहान ने कहा कि किसी भी जनप्रतिनिधि को किसी भी समाज के सम्मान और स्वाभिमान को ठेस पहुंचाने का अधिकार नहीं है। विधायक जैसे जिम्मेदार पद पर बैठे व्यक्ति को अपनी भाषा और शब्दों के चयन का विशेष ध्यान रखना चाहिए। इस तरह की टिप्पणी से समाजजनों की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने विधायक से अपनी भाषा शैली में सुधार करते हुए सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग रखी। साथ ही चेतावनी दी कि यदि माफी नहीं मांगी गई तो उनके खिलाफ थाने में प्रकरण दर्ज करवाया जाएगा, क्योंकि रविदास समाज का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा ने जताई कड़ी आपत्ति
भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष राकेश चौहान ने भी विधायक के बयान की निंदा करते हुए इसे रविदास समाज का अपमान बताया। उन्होंने कहा कि सामाजिक सम्मान और समरसता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। किसी भी समाज के प्रति अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल उचित नहीं है। दिनभर चले विरोध प्रदर्शन और सोशल मीडिया पर उठे जनआक्रोश के बाद विधायक भंवरसिंह शेखावत ने वीडियो जारी कर अपनी गलती स्वीकार की और अपने शब्दों के लिए माफी मांग ली।