फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

MP By-Election Results LIVE Updates: भाजपा को 19 तो कांग्रेस को आठ सीटें

Tue, 10 Nov 2020 11:11 PM IST
देव कश्यप न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भोपाल

खास बातें

मध्यप्रदेश में हुए 28 विधानसभा सीटों के लिए हुए उपचुनाव के लिए नतीजे आना शुरू हो गए हैं। भाजपा को बढ़त जारी है, जो 19 सीटों पर जीत दर्ज कर चुकी है वहीं, कांग्रेस को आठ सीटों पर जीत हासिल हुई है। एक सीट का नतीजा आना अभी बाकी है। इस शानदार जीत को लेकर गृह मंत्री अमित शाह ने भी बधाई दी है। यह साफ हो गया है कि राज्य में भाजपा की सरकार बनी रहेगी। गौरतलब है कि मार्च महीने में ज्योतिरादित्य सिंधिया 22 विधायकों के साथ कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे, उसके बाद तीन और विधायकों ने भाजपा का दामन थाम लिया था। वहीं तीन मौजूदा विधायकों के निधन से तीन सीटें खाली हुई थीं। उधर, कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने ईवीएम से छेड़छाड़ का आरोप लगाया तो मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पलटवार करते हुए कहा कि उन्हें (दिग्विजय को) सच्चाई स्वीकार नहीं है। दूसरी ओर, इंदौर में फर्जी मतगणना का आरोप लगाते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हंगामा कर दिया। परिणामों से उत्साहित मुख्यमंत्री शिवराज ने कहा है कि भले ही मेरी जान चली जाए लेकिन जनता का विश्वास नहीं टूटने दूंगा। वहीं, ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि उपचुनावों के परिणामों ने बता दिया है कि कमलनाथ और दिग्विजय सिंह गद्दार हैं। यहां पढ़ें इससे जुड़े अपडेट्स-
विज्ञापन
मध्यप्रदेश उपचुनाव - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:08 PM, 10-Nov-2020

करेरा विधानसभा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी की जीत

करेरा विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी परागीलाल जाटव ने जीत हासिल की है। उन्होंने अपने नजदीकी प्रतिद्वंद्वी जसमंत सिंह छित्री को 30,641 मतों के अंतर से हराया। परागीलाल को 95,468 वोट मिले वहीं जसमंत को 64,876 मत मिले।

11:02 PM, 10-Nov-2020

दुर्घटनावश सीएम बने थे कमलनाथ, गलती सुधारी गई: सहस्त्रबुद्धे

भाजपा के प्रदेश प्रभारी विनय सहस्रबुद्धे ने कहा कि मेरा मानना है कि मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को जनादेश नहीं मिला था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने इत्तेफाक से सरकार बनाई थी और कमलनाथ दुर्घटनावश मुख्यमंत्री बने थे, हालांकि इस गलती को सुधार लिया गया।

10:55 PM, 10-Nov-2020

जनता ने सिंधिया और उनके समर्थकों का स्वागत किया: शिवराज

मध्यप्रदेश में विधानसभा की 28 सीटों पर हुए उपचुनाव में मंगलवार को शुरुआती जीत के साथ 230 सदस्यीय सदन में बहुमत हासिल करने के बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भाजपा की इस जीत से साबित हो गया है कि जनता तत्कालीन कमलनाथ सरकार को गिराने के ज्योतिरादित्य सिंधिया और उनके साथी कांग्रेस विधायकों के कदम का स्वागत करती है।

विज्ञापन
10:39 PM, 10-Nov-2020

छत्तीसगढ़ उपचुनाव: जीत के बाद बोले सीएम बघेल, यह छल का जवाब 

छत्तीसगढ़ के मरवाही विधानसभा उपचुनाव में जीत को लेकर राज्य के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि जनता ने 18 वर्षों तक हुए छल का जवाब दिया है। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी की पत्नी रेणु जोगी ने इसे सत्ता-शासन के दबाव में जबरदस्ती हासिल की गई जीत बताया।

छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में स्थित मरवाही विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में सत्ताधारी दल कांग्रेस ने जीत हासिल कर ली है। कांग्रेस के प्रत्याशी केके ध्रुव ने अपने निकटतम भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी गंभीर सिंह को 38,197 मतों से पराजित किया। इस सीट पर इस महीने की तीन तारीख को मतदान हुआ था।

10:33 PM, 10-Nov-2020

उदित राज ने भी उठाया ईवीएम पर सवाल, कार्ति ने किया बचाव

दिग्विजय सिंह के बाद कांग्रेस प्रवक्ता उदित राज ने भी ईवीएम पर सवाल खड़ा किया और कहा कि जब उपग्रह को नियंत्रित किया जा सकता है तो फिर ईवीएम हैक क्यों नहीं की जा सकती। दूसरी तरफ, कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम ने उदित राज का नाम लिए बगैर कहा कि ईवीएम पर सवाल खड़े करने का सिलसिला बंद होना चाहिए क्योंकि इसके साथ छेड़छाड़ का दावा अब तक वैज्ञानिक रूप से साबित नहीं हो सका है।

विज्ञापन
10:18 PM, 10-Nov-2020

जनता ने जताया भाजपा में विश्वास: नरेंद्र सिंह तोमर

केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा है कि यह परिणाम बताता है कि राज्य की जनता ने भाजपा में और शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में अपना विश्वास जताया है और बताया है कि वह कांग्रेस के साथ नाखुश थी। तोमर ने कहा कि यह पार्टी के सामूहिक नेतृत्व की जीत है।

10:03 PM, 10-Nov-2020

मणिपुर उपचुनाव: चार सीटों पर भाजपा और एक पर निर्दलीय की जीत

मणिपुर की पांच विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में भाजपा के खाते में चार सीटें आई हैं। वहीं, एक सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार ने जीत हासिल की है। लिलोंग विधानसभा सीट पर निर्दलीय वाई अंतस खान ने 3078 वोट के अंतर से जीत हासिल की। वहीं, वांगोई सीट पर भाजपा के ओइनम लुखोई सिंह 257 वोट के अंतर से जीते। वांगजिंग तेंथा सीट पर भाजपा के पाओनम ब्रोजन सिंह ने 1560 मतों के अंतर से जीते।  सैतु सीट से भाजपा के गामथांग हाओकिप ने 12,257 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। इसके अलावा सिंघाट सीट से भाजपा उम्मीदवार गिनसुआनहाउ ने जीत हासिल की।

09:53 PM, 10-Nov-2020

भाजपा की शानदार जीत पर गृह मंत्री शाह ने दी बधाई

राज्य की 28 सीटों पर हुए उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी के शानदार प्रदर्शन पर गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और मध्यप्रदेश भाजपा के कार्यकर्ताओं को बधाई दी है। उन्होंने एक ट्वीट में लिखा कि प्रदेश की जनता का भाजपा की विकास नीति और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व शिवराज सिंह चौहान की जोड़ी में विश्वास व्यक्त करने के लिए धन्यवाद देता हूं।
 

09:44 PM, 10-Nov-2020

सांवेर विधानसभा सीट से सिलावट जीते

सांवेर विधानसभा सीट से तुलसीराम सिलावट ने जीत हासिल कर ली है। 28 सीटों पर हुए उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी की यह 19वीं सीट पर जीत है। सिलावट शुरुआत से ही अपने प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस प्रत्याशी प्रेमचंद गुड्डू के मुकाबले बढ़त बनाए हुए थे। सिलावट, ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थक हैं और मार्च में सिंधिया के साथ ही कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हो गए थे।

09:37 PM, 10-Nov-2020

मुरैना विधानसभा सीट पर कांग्रेस के राकेश मवई को जीत

मुरैना विधानसभा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी राकेश मवई ने 5751 वोट के अंतर से जीत हासिल की है। मवई ने 52,550 वोट हासिल किए। कांग्रेस की यह राज्य की सातवीं सीट पर जीत है। वहीं, दूसरे स्थान पर रहे भाजपा प्रत्याशी को 46,909 वोट मिले। तीसरे स्थान पर रहे बसपा के रामप्रकाश राजौरिया को 42,388 वोट मिले। इसके साथ ही बसपा का खाता भी नहीं खुल सका। यही एकमात्र सीट थी, जिसपर मतगणना के शुरुआती दौर में बसपा प्रत्याशी ने बढ़त बनाई थी।

09:27 PM, 10-Nov-2020

महगांव विधानसभा सीट पर भाजपा के ओपीएस भदौरिया जीते

महगांव विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार ओपीएस भदौरिया ने जीत हासिल की है। उनके सामने कांग्रेस की ओर से हेमंत सत्यदेव कटरे और बसपा की ओर से योगेश मेघसिंह नरवरिया उम्मीदवार थे। इस जीत के साथ ही भाजपा के खाते में 28 में से 18 सीटें आ गई हैं। वहीं कांग्रेस को अभी तक छह सीटों पर जीत मिली है। 

09:16 PM, 10-Nov-2020

भाजपा उम्मीदवार इमरती देवी को मिली हार 

राज्य में उपचुनाव के दौरान खासी चर्चा में रहीं भाजपा उम्मीदवार इमरती देवी को हार का सामना करना पड़ा है। राज्य में महिला एवं बाल विकास मंत्री इमरती देवी डबरा विधानसभा से चुनावी मैदान में थीं। उन्हें कांग्रेस उम्मीदवार सुरेश राजे के हाथों हार का मुह देखना पड़ा। इसके साथ ही कांग्रेस को अब तक छह सीटों पर जीत मिल गई है। बता दें कि इमरती देवी तब चर्चा में आई थीं जब कांग्रेस नेता कमलनाथ ने एक कार्यक्रम में उन्हें 'आइटम' कह दिया था।

09:10 PM, 10-Nov-2020

सुमौली विधानसभा सीट पर कांग्रेस के अजब सिंह जीते

राज्य की सुमौली विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी अजब सिंह कुशवाह ने जीत हासिल की है। उन्होंने भाजपा उम्मीदवार और राज्य सरकार में मंत्री ऐदल सिंह कंसाना को 10947 वोट के अंतर से मात दी। मतगणना के दौरान दोनों के बीच कड़ा मुकाबला देखा गया, हालांकि, कुशवाह ने बढ़त बनाए रखी थी। इसके साथ ही अभी तक कांग्रेस के खाते में पांच सीटें आ गई हैं। 

09:03 PM, 10-Nov-2020

छत्तीसगढ़: मरवाही विधानसभा सीट पर कांग्रेस विजयी

छत्तीसगढ़ की एक विधानसभा सीट (मरवाही) पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार ने जीत हासिल की है। कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. केके ध्रुव ने 83,561 वोट हासिल किए। वहीं, उनके प्रतिद्वंद्वी भाजपा उम्मीदवार डॉ. गंभीर सिंह को 45,193 वोट मिले। डॉ. ध्रुव को जहां 56.09 फीसदी वोट मिले वहीं, डॉ. गंभीर को 30.45 फीसदी वोट ही मिल पाए।

08:55 PM, 10-Nov-2020

सांवेर सीट पर सिलावट की स्थिति मजबूत

मध्यप्रदेश की सांवेर विधानसभा सीट के उप चुनाव के लिए जारी मतगणना में भाजपा उम्मीदवार तुलसीराम सिलावट की बढ़त में लगातार इजाफा हो रहा है। मतगणना के 19वें राउंड के बाद सिलावट अपने नजदीकी प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस प्रत्याशी प्रेमचंद गुड्डू के मुकाबले 38,200 वोट से आगे हैं।

08:46 PM, 10-Nov-2020

नगालैंड उपचुनाव: दक्षिणी अंगामी-एक सीट पर एनडीपीपी जीती

नगालैंड विधानसभा उपचुनाव के मंगलवार को आए नतीजों में दक्षिणी अंगामी-एक सीट पर सत्ताधारी दल एनडीपीपी ने जीत दर्ज दर्ज की और निर्दलीय उम्मीदवार टी यंग्सो संगतम ने पुंगरो-किफिरे सीट पर कब्जा किया।

दक्षिणी अंगामी-एक सीट पर योखा को 4,773 मत मिले और उन्होंने अपने निकटम प्रतिद्वंद्वी तथा निर्दलीय उम्मीदवार सेविली पीटर जशुमो को 598 मतों से हराया। जशुमो को 4,175 मत मिले और एनपीएफ के प्रत्याशी किकोवी किरहा को 2,575 मत प्राप्त हुए।

उधर, पुंगरो-किफिरे विधानसभा में सत्ताधारी पीपुल्स डेमोक्रेटिक अलायंस को तगड़ा झटका लगा क्योंकि भाजपा की ओर से उसके प्रत्याशी लिरिमोंग संगतम तीसरे स्थान पर रहे। यहां निर्दलीय उम्मीदवार टी यंग्सो संगतम ने 1,527 मतों से जीत हासिल की। संगतम को 8,747 मत मिले और उन्होंने अपने निकटम प्रतिद्वंद्वी एस किउसुमियू यिमचुंगर को हराया।

08:38 PM, 10-Nov-2020

तेलंगाना उपचुनाव: भाजपा के खाते में दुब्बाक विधानसभा सीट 

तेलंगाना की दुब्बाक विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा के एम रघुनंदन राव ने 1,079 मतों से जीत दर्ज की है। तेलंगाना में केवल एक ही सीट पर उपचुनाव हुआ था।

08:21 PM, 10-Nov-2020

मुरैना सीट पर भी पीछे हुई बसपा, कांग्रेस आगे

शुरुआती दौर में मुरैना विधानसभा सीट पर आगे चल रहे बहुजन समाज पार्टी के उम्मीदवार रामप्रकाश राजौरिया (42,388 वोट) अब पिछड़ गए हैं। इस सीट पर अब कांग्रेस उम्मीदवार राकेश मवई (52,550 वोट) बढ़त बनाए हुए हैं। तीसरे स्थान पर भाजपा प्रत्याशी रघुराज सिंह (46,909 वोट) हैं।

08:12 PM, 10-Nov-2020

सिद्ध हुआ कि कमलनाथ और दिग्विजय गद्दार हैं: सिंधिया

उपचुनाव के परिणामों को लेकर भाजपा नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा है कि मैं भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता हूं। मैं राज्य की जनता के प्रति आभारी हूं कि उन्होंने पार्टी के पक्ष में स्पष्ट समर्थन दिया। परिणामों ने सिद्ध कर दिया है कि कमलनाथ और दिग्विजय सिंह गद्दार हैं। सिधिया ने कहा, ईवीएम पर सवाल उठाकर जनादेश को अस्वीकार करना कांग्रेस की आदत बन चुकी है। अगर वह ऐसा ही करते रहेंगे तो वह वहीं रह जाएंगे जहां है या हो सकता है कि उनकी स्थिति इससे भी ज्यादा बिगड़ जाए।
 
 

08:04 PM, 10-Nov-2020

सांवेर सीट पर रिकॉर्ड जीत की ओर सिंधिया समर्थक तुलसीराम सिलावट

सांवेर विधानसभा सीट पर उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार तुलसीराम सिलावट मतों के रिकॉर्ड अंतर से जीत की ओर बढ़ रहे हैं। सिलावट, भाजपा के राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के उन सबसे वफादार समर्थकों में गिने जाते हैं जिनकी साढ़े सात महीने पहले कमलनाथ सरकार के तख्तापलट में अहम भूमिका रही थी। मतगणना के 14वें राउंड के बाद सिलावट ने अपने नजदीकी प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस प्रत्याशी प्रेमचंद गुड्डू पर 25,297 वोटों से बड़ी बढ़त बना ली थी।

07:52 PM, 10-Nov-2020

गुजरात उपचुनाव: कांग्रेस से भाजपा में आए दो और प्रत्याशी जीते 

गुजरात में सत्तारूढ़ भाजपा ने मोरबी और करजन विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में जीत दर्ज कर ली है। विपक्षी कांग्रेस के उम्मीदवारों को इन सीटों पर हार का सामना करना पड़ा। भाजपा अबडासा सीट पर पहले ही जीत दर्ज कर चुकी है।

मोरबी सीट पर कड़े मुकाबले में भाजपा के बृजेश मेर्जा ने कांग्रेस के अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी जयंतीलाल पटेल को 4,649 मतों के अंतर से हराया। मेर्जा को 64,711 वोट मिले, वहीं पटेल के खाते में 60,062 वोट आए। 2017 में विधानसभा चुनाव में मेर्जा ने कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा था और भाजपा के पांच बार के विधायक कांतिलाल अमृतिया को हराया था।

वड़ोदरा जिले के करजन निर्वाचन क्षेत्र में पूर्व में कांग्रेस में रह चुके भाजपा के अक्षय पटेल ने कांग्रेस के अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कीर्तिसिंह जडेजा को 16,425 मतों के अंतर से हराया। पटेल को जहां 76,958 मत मिले, वहीं जडेजा के खाते में 60,533 वोट आए।

07:42 PM, 10-Nov-2020

यह कांग्रेस के झूठ और अहंकार की पराजय: शिवराज

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उपचुनाव में कांग्रेस के लचर प्रदर्शन को लेकर कहा कि यह कांग्रेस के झूठ, फरेब, दंभ और अहंकार की पराजय है। सत्य परेशान हो सकता है, किंतु पराजित नहीं। कांग्रेस के नेताओं ने समाज के प्रत्येक वर्ग का अपमान किया। प्रदेश के लोगों का विश्वास कांग्रेस ने तोड़ा, उनके मान-सम्मान और स्वाभिमान को ठेस पहुंचाई, लोगों ने उनसे बदला ले लिया।

07:33 PM, 10-Nov-2020

भाजपा उम्मीदवारों से बोले शिवराज, संघर्ष जारी रहे 

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवारों के नाम एक ट्वीट किया। इसमें चौहान ने कहा, 'मैं मध्यप्रदेश भाजपा के सभी जीते हुए प्रत्याशियों को शुभकामनाएं देता हूं। आप सभी समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए कमर कस लें। जो सफल नहीं हो पाए, वे हताश न हों, जनता के हित के लिए आपका संघर्ष जारी रहे!'
 
 

07:27 PM, 10-Nov-2020

झारखंड: एक सीट कांग्रेस और एक झामुमो के खाते में

झारखंड की जो विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में एक सीट पर कांग्रेस ने और एक सीट पर झामुमो (झारखंड मुक्ति मोर्चा) ने जीत दर्ज की है। यहां की बरमो सीट पर कांग्रेस के कुमार जयमंगल (अनूप सिंह) ने और दुमका सीट पर झामुमो के बसंत सोरेन ने जीत हासिल की। 

07:22 PM, 10-Nov-2020

गोहद से कांग्रेस उम्मीदवार मेवाराम को जीत

मध्यप्रदेश की गोहद विधानसभा सीट के कांग्रेस उम्मीदवार मेवाराम जाटव ने जीत हासिल की है। इसके साथ ही कांग्रेस के खाते में अब चार सीटें आ गई हैं। मेवाराम जाटव ने भाजपा प्रत्याशी रणवीर जाटव को हराया।

07:17 PM, 10-Nov-2020

मलहरा विधानसभा सीट भी भाजपा के खाते में

मलहरा विधानसभा के उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार प्रधुम्न सिंह लोधी ने जीत हासिल की है। लोधी ने बड़े अंतर से कांग्रेस प्रत्याशी राम सिया भारती और बसपा प्रत्याशी अखंड प्रताप सिंह यादव को मात दी। 

07:13 PM, 10-Nov-2020

जान चली जाए लेकिन जनता का भरोसा नहीं टूटने दूंगा: शिवराज

मध्यप्रदेश की 28 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के परिणाम सामने आ रहे हैं और भाजपा के खेमे में जश्न का माहौल बनता जा रहा है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि भले ही जान चली जाए लेकिन जनता का भरोसा नहीं टूटने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत और आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश का काम कल से प्रारंभ होगा।

07:07 PM, 10-Nov-2020

पोहरी विधानसभा सीट पर भाजपा के सुरेश राठखेड़ा को जीत

पोहरी विधानसभा के उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी सुरेश राठखेड़ा को जीत हासिल हुई है। राठखेड़ा को कांग्रेस प्रत्याशी उम्मेद सिंह आदिवासी और बसपा प्रत्याशी कैलाश कुशवाह से टक्कर मिल रही थी। इस सीट के साथ भाजपा के खाते में अब 16 सीटें आ गई हैं।

07:01 PM, 10-Nov-2020

नगालैंड: राष्ट्रवादी डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी और निर्दलीय ने 1-1 सीट जीती

नगालैंड उपचुनाव: राष्ट्रवादी डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी और निर्दलीय ने 1-1 सीट पर जीत हासिल की है।
   
 

06:58 PM, 10-Nov-2020

आरआर नगर और सिरा में भाजपा ने दर्ज की जीत 

कर्नाटक उपचुनाव: आरआर नगर और सिरा में भाजपा ने दर्ज की जीत 
 


 

06:40 PM, 10-Nov-2020

जौरा विधानसभा सीट भाजपा के नाम

जौरा विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार सूबेदार सिंह ने जीत हासिल की है। मतगणना के दौरान सूबेदार सिंह की कांग्रेस उम्मीदवार पंकज उपाध्याय और बसपा प्रत्याशी सोनेराम कुशवाह से कड़ी टक्कर चल रही थी। इस जीत के साथ भाजपा के खाते में 16 सीट आ गई हैं।

06:33 PM, 10-Nov-2020

दिमनी में हारे मंत्री दंडोतिया, कांग्रेस को जीत

मध्यप्रदेश सरकार में मंत्री गिर्राज दंडोतिया दिमनी विधानसभा सीट से चुनाव हार गए हैं। राज्य में कृषि मंत्री दंडोतिया को कांग्रेस उम्मीदवार रविंद्र सिंह तोमर के हाथों हार का मुह देखना पड़ा। इसके साथ ही कांग्रेस के खाते में अब तीन सीटें आ गई हैं।

06:26 PM, 10-Nov-2020

आगर विधानसभा सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार विपिन वानखेड़े ने जीत हासिल की है। वानखेड़े ने भाजपा उम्मीदवार मनोज मनोहर उत्वल को मात दी। इसी के साथ कांग्रेस के खाते में अब दो सीटें आ गई हैं। इसके उलट भाजपा अभी तक 14 सीटें जीत चुकी है और बड़ी जीत की ओर बढ़ रही है। 

06:21 PM, 10-Nov-2020

ग्वालियर से भाजपा के प्रद्युम्न सिंह तोमर जीते

ग्वालियर विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार प्रद्युम्न सिंह तोमर ने जीत दर्ज की है। तोमर ने कांग्रेस प्रत्याशी सुनील शर्मा को हराया। 28 विधानसभा सीटों में से भाजपा की यह 14वीं सीट है। 

06:10 PM, 10-Nov-2020

कर्नाटक: आरआर नगर विधानसभा सीट पर भाजपा के एन मुनिरत्न जीते

कर्नाटक में राजराजेश्वरी नगर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी एन मुनिरत्न ने जीत हासिल की। पिछले साल भाजपा में शामिल होने वाले मुनिरत्न ने अपने निकटम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस प्रत्याशी कुसुमा एच को 57,000 से ज्यादा वोटों से शिकस्त दी।

06:02 PM, 10-Nov-2020

अंबाह विधानसभा सीट पर जीते भाजपा के कमलेश जाटव

राज्य की अंबाह विधानसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार कमलेश जाटव ने जीत हासिल की है। जाटव ने कांग्रेस प्रत्याशी सत्यप्रकाश सखावर को हराया। 28 सीटों पर हुए उपचुनाव में भाजपा के खाते में आई यह 13वीं सीट है।

05:57 PM, 10-Nov-2020

सही साबित हो रहा है सिंधिया का भरोसा

उपचुनाव से पहले ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भरोसा जताया था कि भाजपा अगर सभी 28 सीटें नहीं तो भी अधिकतम सीटों पर जीत दर्ज करेगी। एक साक्षात्कार में सिंधिया ने कहा था कि जिन 28 सीटों पर चुनाव होना है उनमें 27 कांग्रेस की थीं, इसलिए भाजपा के पास हासिल करने के लिए सबकुछ है और कांग्रेस के पास खोने के सबकुछ दांव पर लगा है। 

05:43 PM, 10-Nov-2020

सुर्खी विधानसभा सीट पर भाजपा के गोविंद सिंह जीते

राज्य की 28 सीटों पर हुए उपचुनाव में भाजपा की जीत का सिलसिला जारी है। सुर्खी विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी गोविंद सिंह राजपूत ने जीत हासिल की है। इसके साथ ही भाजपा के खाते में अब 12 सीटें आ गई हैं। ज्योतिरादित्य सिंधिया ने एक ट्वीट कर राजपूत को बधाई भी दी।
 

05:38 PM, 10-Nov-2020

नेपानगर विधानसभा सीट भाजपा के नाम

नेपानगर विधानसभा सीट से भाजपा की उम्मीदवार सुमित्रा देवी कासडेकर ने जीत हासिल की है। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी रामकिशन पटेल को मात दी। इसके साथ ही भाजपा को 28 सीटों में से अब तक 11 सीटों पर जीत हासिल हो चुकी है। 

05:35 PM, 10-Nov-2020

छत्तीसगढ़: मारवाही विधानसभा में कांग्रेस आगे

छत्तीसगढ़ में एक विधानसभा सीट मारवाही पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार डॉ. केके ध्रुव 34,777 वोट से आगे चल रहे हैं। ध्रुव को अभी तक 81,028 वोट मिले हैं, वहीं दूसरे स्थान पर भाजपा उम्मीदवार डॉ. गंभीर सिंह को अब तक 44.440 वोट मिले हैं।

05:28 PM, 10-Nov-2020

हाटपिपलिया से भाजपा प्रत्याशी विजयी

हाटपिपलिया विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार मनोज चौधरी को जीत हासिल हुई है। इस जीत के साथ ही भाजपा के खाते में कुल 10 सीटें आ गई हैं।

05:21 PM, 10-Nov-2020

इंदौर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का हंगामा

कांग्रेस प्रत्याशी प्रेम गुड्डू के समर्थकों ने फर्जी मतगणना का आरोप लगाते हुए एक मतगणना केंद्र के बाहर हंगामा कर दिया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि बिना वेरिफिकेशन के परिणाम घोषित कर दिए गए। प्रेम गुड्डू के बेटे और कांग्रेस नेता अजीत बोरसी ने कहा कि ईवीएम की सील टूटी हुई थी, अधिकारी भाजपा के दबाव में काम कर रहे हैं, हम अदालत जाएंगे।
 

05:19 PM, 10-Nov-2020

यह भाजपा की विचारधारा की जीत: शिवराज

भाजपा की जीत से उत्साहित मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि यह भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा की जीत है, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आशीर्वाद की जीत है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश भाजपा विकास और जनकल्याण के लिए काम करेगी। यह इस विश्वास की जीत है। 

05:13 PM, 10-Nov-2020

गुजरात: अबडासा विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार को जीत

गुजरात की अबडासा विधानसभा सीट पर उपचुनाव में भाजपा के प्रद्युम्न सिंह जडेजा ने कांग्रेस के अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 36,000 से ज्यादा वोटों से हरा जीत दर्ज की है।

05:04 PM, 10-Nov-2020

नौ पर भाजपा को आट सीटों पर कांग्रेस आगे

28 विधानसभा सीटों में से अब तक भाजपा को नौ पर तो कांग्रेस को एक सीट पर जीत हासिल हुई है। भाजपा फिलहाल नौ सीटों पर बढ़त बनाए हुए है तो कांग्रेस आठ सीटों पर आगे चल रही है। वहीं, एक सीट पर बसपा आगे चल रही है।

04:53 PM, 10-Nov-2020

अनूपपुर से भाजपा उम्मीदवार बिसाहूलाल सिंह जीते

भाजपा प्रत्याशी बिसाहूलाल सिंह ने अनूपपुर विधानसभा सीट पर जीत हासिल की है। 28 में से भाजपा को अब तक नौ सीटों पर जीत मिल चुकी है, जिसके साथ ही राज्य में शिवराज सिंह चौहान की सरकार बनी रहने का रास्ता साफ हो गया है। 

04:51 PM, 10-Nov-2020

भांडेर से भाजपा की रक्षा सिरोनिया को जीत

भांडेर विधानसभा के उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी रक्षा सिरोनिया ने जीत हासिल की है। भाजपा नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ट्वीट कर उन्हें जीत की बधाई दी है। उधर, मुंगावाली विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार बृजेंद्र यादव जीते हैं। यादव ने कांग्रेस प्रत्याशी कन्हईराम लोधी को 21,469 मतों से हराया।
 
 

04:44 PM, 10-Nov-2020

बहुमत से केवल एक सीट दूर भाजपा

भाजपा अभी तक आठ सीटों पर जीत हासिल कर चुकी है। बता दें कि प्रदेश विधानसभा की कुल 230 सीटों में से वर्तमान में भाजपा के 107 विधायक हैं, जबकि कांग्रेस के 88, चार निर्दलीय, दो बसपा और एक सपा का विधायक है। भाजपा को बहुमत के जादुई आंकड़े तक पहुंचने के लिए इस उपचुनाव में मात्र नौ सीटों पर जीत दर्ज करने की जरूरत है, जिसमें केवल एक सीट का फासला बाकी है। 

04:38 PM, 10-Nov-2020

शिवराज सरकार के तीन मंत्री पीछे

शिवराज सिंह चौहान सरकार के तीन मंत्री, कांग्रेस उम्मीदवारों से पीछे चल रहे हैं। इन मंत्रियों में सुमोली से ऐदल सिंह कंसाना, दिमानी से गिर्राज दंडोतिया और महगांव से ओपीएस भदौरिया शामिल हैं।

04:33 PM, 10-Nov-2020

15 से ज्यादा सीटों पर जीती भाजपा तो बढ़ेगा चौहान का कद

राज्य की 28 विधानसभा सीटों पर हुए मतदान की मतगणना जारी है। अभी तक के आंकड़ों के मुताबिक भाजपा आठ सीटों पर जीत हासिल कर चुकी है। अगर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में भाजपा उपचुनाव वाली इन 28 सीटों में से 15 से अधिक पर जीत दर्ज कर लेती है तो पार्टी में उनका कद और भी बढ़ जाएगा। चौहान अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) से आते हैं और प्रदेश में इस वर्ग की जनसंख्या 50 फीसदी से अधिक है।

04:23 PM, 10-Nov-2020

अशोकनगर से भाजपा के जजपाल सिंह जीते

अशोकनगर विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार जजपाल सिंह जज्जी को जीत हासिल हुई है। जज्जी ने कांग्रेस प्रत्याशी आशा दोहरे को 14,630 मतों से पराजित किया। 28 सीटों के लिए हुए उपचुनाव में भाजपा की यह आठवीं जीत है।

04:19 PM, 10-Nov-2020

सुवासरा से भाजपा तो ब्यावरा से कांग्रेस उम्मीदवार को जीत

सुवासरा से भाजपा उम्मीदवार हरदीप सिंह डंग 29,440 वोट से जीत गए हैं। डंग ने कांग्रेस प्रत्याशी राकेश पाटीदार को 29,440 मतों से हराया। वहीं, ब्यावरा में कांग्रेस प्रत्याशी रामचंद्र दांगी ने जीत हासिल की है। उन्होंने भाजपा के नारायण सिंह पंवार को हराया है। दांगी ने भाजपा प्रत्याशी नारायण सिंह पंवार को 12,102 मतों से हराया। उधर, डबरा में उलटफेर के आसार नजर आ रहे हैं। भाजपा प्रत्याशी इमरती देवी, कांग्रेस प्रत्याशी सुरेश काजे से करीब 615 वोट से पीछे चल रही हैं।

04:14 PM, 10-Nov-2020

भाजपा की बड़ी जीत का पूरा विश्वास था: शिवराज

उपचुनाव के परिणामों से अभिभूत मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि मध्यप्रदेश की जनता का और मेरा आत्मीयता का, प्रेम का और स्नेह का रिश्ता है। मुझे पूरा विश्वास था कि भाजपा को भारी विजय मिलने वाली है। जहां हम जीत रहे हैं वहां अधिकांश सीटों पर 40-50 हजार वोटों से जीत रहे हैं। 

04:06 PM, 10-Nov-2020

दिग्विजय के आरोप पर शिवराज का पलटवार

दिग्विजय सिंह के ईवीएम से छेड़छाड़ के आरोप पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पलटवार किया है। चौहान ने कहा कि दिग्विजय सिंग कभी सच्चाई स्वीकार नहीं कर सकते और इसीलिए अब वह ईवीएम के बारे में बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछली बार जब उनकी पार्टी ने चुनाव में 114 सीटें जीती थीं, तब ईवीएम को कोई दिक्कत नहीं थी? वह कभी सत्य को स्वीकार नहीं करते। वह केवल अपनी पार्टी की हार के लिए बहाने बना सकते हैं।

04:03 PM, 10-Nov-2020

कमलनाथ ने जनता के साथ धोखा किया: वीडी शर्मा

मध्यप्रदेश भाजपा प्रमुख वीडी शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ पर आरोप लगाया है कि उन्होंने राज्य को धोखा दिया है क्योंकि अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के इशारे पर सरकार को चलाया।

03:56 PM, 10-Nov-2020

मंधाता और सांची विधानसभा सीट से भाजपा की जीत

सांची विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार डॉ. प्रभुराम चौधरी ने जीत दर्ज की है। वहीं, मंधाता से भाजपा सांसद नारायण सिंह पटेल ने जीत हासिल की है। पटेल ने कांग्रेस उम्मीदवार उत्तम पाल सिंह को 22,129 वोट से मात दी है।

03:47 PM, 10-Nov-2020

दिग्विजय ने लगाया ईवीएम से छेड़छाड़ का आरोप

कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने चयनित स्थानों पर ईवीएम से छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं है कि ईवीएम के साथ छेड़छाड़ नहीं हो सकती है और कुछ खास जगहों पर छेड़छाड़ की जा चुकी है। ये वो सीटें है जो हम किसी भी स्थिति में कभी नहीं हारे होंगे लेकिन हम हजारों वोट से हार रहे हैं। हम इसे लेकर कल बैठक करेंगे और परिणामों का विश्लेषण करेंगे।

03:43 PM, 10-Nov-2020

ग्वालियर में भाजपा कार्यकर्ताओं का जश्न

ग्वालियर में अभी मतगणना जारी है, लेकिन रुझानों में बढ़त दिखते ही भाजपा कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाना शुरू कर दिया है। भाजपा राज्य में कम से कम 19 सीटों पर आगे चल रही है।  

03:37 PM, 10-Nov-2020

कांग्रेस के भोपाल स्थित दफ्तर पर पसरा सन्नाटा

मध्यप्रदेश उपचुनाव के शुरुआती रुझानों के बाद से कांग्रेस का हौसला पस्त नजर आ रहा है। भोपाल स्थित पार्टी कार्यालय के बाहर सन्नाटा पसरा हुआ है। वर्तमान में कांग्रेस ने छह सीटों पर बढ़त बनाई हुई है। 

03:31 PM, 10-Nov-2020

झारखंड की दो सीटों में से एक पर कांग्रेस आगे

झारखंड विधानसभा की दो सीटों पर हुए उपचुनाव में एक सीट पर कांग्रेस पार्टी और एक सीट पर झारखंड मुक्ति मोर्चा आगे चल रही है। 
 
 

03:17 PM, 10-Nov-2020

बदनावर से मंत्री राज्यवर्धन सिंह दत्तीगांव चुनाव जीते

मध्यप्रदेश विधानसभा के लिए हुए उपचुनावों के नतीजे आना शुरू हो गया है। राज्य की बदनावर सीट से मंत्री और भाजपा नेता राज्यवर्धन सिंह दत्तीगांव को जीत मिली है। उन्हें 57 फीसदी से अधिक वोट मिले हैं। 

03:11 PM, 10-Nov-2020

बमोरी से महेंद्र सिंह सिसोदिया चुनाव जीते

मध्यप्रदेश की बमोरी विधानसभा सीट से भाजपा के महेंद्र सिंह सिसोदिया को जीत मिली है। चुनाव आयोग के मुताबिक उन्हें 62 फीसदी से अधिक वोट मिले हैं। 

 

03:06 PM, 10-Nov-2020

ईवीएम पर सवाल खड़ा करने पर ये बोले उप चुनाव आयुक्त

बिहार चुनाव के रुझानों के बीच ईवीएम पर सवाल खड़े किए जा रहे हैं। ऐसे में उप चुनाव आयुक्त सुदीप जैन ने कहा, वक्त वक्त पर ये साफ किया जाता रहा है कि ईवीएम मजबूत है और टैम्पर प्रूफ है। सुप्रीम कोर्ट ने एक से ज्यादा बार ईवीएम की प्रमाणिकता को बरकरार रखा। चुनाव आयोग ने भी साल 2017 में ईवीएम चैलेंज का ऑफर दिया था। ईवीएम की प्रमाणिकता बिना किसी संदेह के है और आगे कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया जाएगा। 

03:00 PM, 10-Nov-2020

इंदौर में भाजपा कार्यकर्ताओं का जश्न

भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक इंदौर में पार्टी कार्यालय के बाहर जश्न मना रहे हैं। नवीनतम रुझानों में भाजपा राज्य विधानसभा उपचुनाव की मतगणना में आगे चल रही है। 
 
 

02:52 PM, 10-Nov-2020

कांग्रेस एक डूबता हुआ जहाज: रुपाणी

गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रुपाणी ने कहा, कांग्रेस एक डूबता हुआ जहाज है, वे लोगों से जुड़ाव खो चुके हैं। परिणाम उनके खिलाफ हर जगह हैं। यह एक पार्टी का नेतृत्व है। परिणाम (गुजरात उप-चुनाव) आगामी स्थानीय चुनावों के ट्रेलर हैं। 
 

 

02:46 PM, 10-Nov-2020

शिवराज के तीन मंत्री कांग्रेस प्रतिद्वंद्वियों से पीछे

मध्यप्रदेश में शिवराज सिंह चौहान सरकार में तीन मंत्री अपने कांग्रेस प्रतिद्वंद्वियों से पीछे चल रहे हैं। मंगलवार को मतगणना के रुझानों के अनुसार, सत्तारूढ़ भाजपा ने 28 में से 21 विधानसभा क्षेत्रों में बढ़त बना ली है।

02:38 PM, 10-Nov-2020

कमलनाथ की उम्मीदों को रुझानों से लगा झटका

मध्यप्रदेश में उपचुनाव के रुझानों ने पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के लिए उम्मीदों को धराशायी कर दिया है क्योंकि भाजपा 21 सीटों पर और कांग्रेस केवल केवल 6 सीटों पर आगे चल रही है। कांग्रेस को उपचुनावों में कम से कम 20 सीटें जीतने की उम्मीद थी, लेकिन रुझान उनके पक्ष में नजर नहीं आ रहे हैं। 

02:30 PM, 10-Nov-2020

भाजपा को 21 सीटों पर बढ़त मिली

मध्यप्रदेश उपचुनाव के लिए हो रही मतगणना के रुझानों में भाजपा को 21 सीटों पर बढ़त मिलती दिख रही है। वहीं, कांग्रेस को छह सीटों पर बढ़त मिली हुई है। बसपा एक सीट पर आगे चल रही है। 
 

 

02:26 PM, 10-Nov-2020

आगर मालवा में कांग्रेस आगे

आगर मालवा-10 राउंड की मतगणना के बाद कांग्रेस प्रत्याशी विपिन वानखेड़े अपने निकटतम भाजपा प्रत्याशी मनोज ऊंटवाल से 1051 मतों से आगे चल रहे है।

02:20 PM, 10-Nov-2020

मंत्री एंदल सिंह कंसाना सुमावली से पीछे

मध्यप्रदेश के मंत्री एंदल सिंह कंसाना सुमावली सीट से पीछे चल रहे हैं। कांग्रेस नेता अजब सिंह कुशवाह संबंधित निर्वाचन क्षेत्र से आगे हैं और उन्होंने अब तक 23,679 वोट हासिल किए हैं।
 

02:14 PM, 10-Nov-2020

मणिपुर की एक सीट निर्दलीय के खाते में

मणिपुर में एक निर्दलीय उम्मीदवार को एक सीट पर जीत मिली है। वहीं, भाजपा पहले ही दो सीटें जीत चुकी है। बाकी दो सीटों पर भाजपा ने बढ़त बनाई हुई है। 
 
 

02:06 PM, 10-Nov-2020

नतीजे आने पर उसे स्वीकार करेंगे: कमलनाथ

मध्यप्रदेश विधानसभा उपचुनाव के शुरुआती रुझानों पर पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता कमलनाथ ने कहा, प्रजातंत्र में मतदाताओं का जो भी निर्णय होता है वो स्वीकार करते हैं। जैसे नतीजे आएंगे हम उसे स्वीकार करेंगे। 
 
 

01:59 PM, 10-Nov-2020

मारवाही में कांग्रेस उम्मीदवार 20 हजार वोटों से आगे

छत्तीसगढ़ की मारवाही सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार डॉ केके ध्रुव अपने प्रतिद्वंद्वियों से लगभग 20,000 वोटों से आगे चल रहे हैं। 2018 के विधानसभा चुनावों में इस सीट पर दिवंगत अजीत जोगी को जीत मिली थी। मारवाही में आठ राउंड की वोटिंग हो चुकी है। 
 

01:53 PM, 10-Nov-2020

चुनावी नतीजे आगामी चुनावों का ट्रेलर: सीएम रूपाणी

गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने कहा, भाजपा सभी आठ सीटें जीतने के करीब है। यह आगामी चुनावों का ट्रेलर है। 
 


 

01:47 PM, 10-Nov-2020

भोपाल में भाजपा कार्यकर्ताओं का जश्न

भोपाल में उपचुनाव की अभी तक की मतगणना के अनुसार 28 में से 19 सीटों पर भाजपा की बढ़त को देखते हुए, भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक पार्टी ऑफिस के बाहर जश्न मनाते हुए।
 
 

01:39 PM, 10-Nov-2020

भाजपा कार्यकर्ताओं ने शुरू किया जश्न

गुजरात के डांग में सभी 8 विधानसभा सीटों पर अभी तक के उपचुनाव रुझानों के अनुसार भाजपा की बढ़त को देखते हुए, भाजपा कार्यकर्ता जश्न मनाते हुए।
 

 

01:35 PM, 10-Nov-2020

शिवराज ने मध्यप्रदेश की जनता को कहा शुक्रिया

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट करके कहा, राज्य की जनता ने एक बार फिर विकास और जनकल्याण के लिए संकल्पित भाजपा को मध्यप्रदेश की जिम्मेदारी सौंपने का निर्णय ले लिया है। यह स्पष्ट दिखाई दे रहा है।

 

01:29 PM, 10-Nov-2020

20 सीटों पर भाजपा को बढ़त

चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, शुरुआती रुझानों के बाद भाजपा ने राज्य की 20 सीटों पर बढ़त बनाई हुई है। वहीं, कांग्रेस सात सीटों पर आगे चल रही है। इसके अलावा बीएसपी को एक सीट पर बढ़त हासिल है। 
 

01:25 PM, 10-Nov-2020

कर्नाटक में भाजपा ने शुरू किया जश्न

मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा, मंत्रियों बी श्रीरामुलु, आर अशोका, बसवराज बोम्मई, और भाजपा के अन्य नेताओं ने बंगलूरू में सीएम निवास पर जश्न मनाया क्योंकि रुझानों में पार्टी दोनों सीटों पर आगे दिखाई दे रही है।
 
 

01:19 PM, 10-Nov-2020

आगर, पोहरी और मेहगांव सीट पर कांटे का मुकाबला

मध्यप्रदेश उपचुनाव की मतगणना में आगर पोहरी, मेहगांव में मुकाबला दिलचस्प हो गया है। यहां पर कभी भाजपा बढ़त बना रही है तो कभी कांग्रेस उसे पीछे छोड़ते हुए आगे निकल जा रही है। दोनों पार्टियों के उम्मीदवारों के बीच इस सीट पर 200 से कम वोटों का अंतर है। 

01:15 PM, 10-Nov-2020

मणिपुर की पांच से दो सीटों पर भाजपा की जीत

चुनाव आयोग के अनुसार, मणिपुर में उपचुनावों में पांच में से दो सीटों पर भाजपा ने जीत हासिल कर ली है। इसके अलावा पार्टी दो सीटों पर आगे चल रही है। वहीं, एक सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार आगे हैं। 
 
 

01:09 PM, 10-Nov-2020

भाजपा को मध्यप्रदेश में बढ़त बरकरार

चुनाव आयोग के मुताबिक मध्यप्रदेश विधानसभा की 28 सीटों पर हुए उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी को 19 सीटों पर बढ़त है, वहीं कांग्रेस 8 और बहुजन समाज पार्टी 1 सीट पर आगे चल रही है।
 

 

01:05 PM, 10-Nov-2020

मेहगांव से कांग्रेस आगे

रुझानों में मेहगांव सीट पर चौथे राउंड के बाद कांग्रेस उम्मीदवार हेमंत कटारे 130 वोटों से आगे चल रहे हैं, जबकि बीजेपी उम्मीदवार मंत्री ओपीएस भदौरिया 9238 से दूसरे नंबर हैं। 

12:58 PM, 10-Nov-2020

सांची सीट से भाजपा आगे

रुझानों में सांची सीट से भाजपा उम्मीदवार मंत्री प्रभुराम चौधरी 20 हजार वोटों से आगे चल रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस के मदन लाल चौधरी के काफी पीछे छोड़ दिया है। 

12:52 PM, 10-Nov-2020

मणिपुर में तीन सीटों पर भाजपा आगे

मणिपुर ने भाजपा ने पांच में से एक सीट पर जीत हासिल कर ली है। फिलहाल पार्टी तीन सीटों पर आगे चल रही है। वहीं, निर्दलीय उम्मीदवार एक सीट पर आगे चल रहे हैं।
 

 

12:46 PM, 10-Nov-2020

गुजरात में भाजपा की बढ़त बरकरार

गांधीनगर में भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने जीत के संकेत के रूप में विक्टरी का साइन दिखाया। पार्टी सभी आठ गुजरात विधानसभा सीटों पर आगे चल रही है। 
 
 

12:40 PM, 10-Nov-2020

शुरुआती रुझानों में भाजपा को बढ़त

मध्यप्रदेश उपचुनाव के शुरुआती रुझानों में भाजपा आगे चल रही है। चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, वर्तमान में भाजपा 17 सीटों पर आगे चल रही है। कांग्रेस ने नौ सीटों पर बढ़त बनाई हुई है। वहीं, बसपा दो सीटों पर आगे चल रही है। 
 


 

12:34 PM, 10-Nov-2020

कांग्रेस के लिए मध्यप्रदेश उपचुनाव जीतना जरूरी

मध्यप्रदेश में कांग्रेस को सत्ता में वापसी करने के लिए जीत जरूरी है। कांग्रेस को राज्य में वापसी करने के लिए उपचुनावों में सभी 28 सीटें जीतनी हैं। कमलनाथ को विश्वास है कि कांग्रेस राज्य में वापसी कर लेगी।  

12:28 PM, 10-Nov-2020

ईवीएम पर हुई थी दिग्विजय शिवराज के बीच जुबानी जंग

उपचुनाव के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के बीच जुबानी जंग हुई थी। दिग्विजय सिंह ने कहा था कि ईवीएम को हैक किया जा सकता है। वहीं, शिवराज ने कहा था कि यह टेक्नोलॉजी का जमाना है। ईवीएम का प्रयोग विकसित देशों में भी किया जाता है। इसके बाद भी क्या दिग्विजय को इस पर भरोसा नहीं है। 

12:21 PM, 10-Nov-2020

रुझानों का इशारा, बच सकती है शिवराज की सरकार

भाजपा को शिवराज सिंह चौहान की सरकार को बचाने के लिए मध्यप्रदेश उपचुनावों में केवल आठ सीटें जीतने की जरूरत है और पार्टी पहले से ही दोगुनी से अधिक सीटों पर आगे चल रही है। चुनाव आयोग द्वारा जारी रुझानों के अनुसार, भाजपा 17 सीटों पर आगे चल रही है जबकि कांग्रेस 9 पर आगे है।

12:13 PM, 10-Nov-2020

बीजद ने बनाई हुई है बढ़त

चुनाव आयोग के अनुसार, उपचुनाव में ओडिशा की दो विधानसभा सीटों पर बीजू जनता दल आगे चल रही है। 
 
 

12:07 PM, 10-Nov-2020

गुजरात की सभी आठ सीटों पर भाजपा आगे

चुनाव आयोग के रुझानों के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी गुजरात की सभी आठ विधानसभा सीटों पर आगे चल रही हैं, जहां उपचुनावों के लिए मतदान किया गया। 
 
 

11:57 AM, 10-Nov-2020

देवास में भाजपा आगे

देवास में चौथे राउंड की वोटिंग के बाद भाजपा करीब 2900 से अधिक मतों से आगे चल रही है। 

11:55 AM, 10-Nov-2020

तुलसी सिलावट की बढ़त बरकरार

सांवेर विधानसभा सीट पर चौथे राउंड की वोटों की गिनती के बाद भाजपा प्रत्याशी तुलसी सिलावट 8 हजार 238 वोट से आगे हैं।  

11:49 AM, 10-Nov-2020

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने मुख्यमंत्री शिवराज से की मुलाकात

मध्यप्रदेश में 28 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव की मतगणना के मद्देनजर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात की।
 
 

11:44 AM, 10-Nov-2020

नगालैंड में निर्दलीय उम्मीदवारों ने बढ़त बनाई

नगालैंड की दक्षिणी अंगामी-1 और पुंगरो किफिरे विधानसभा सीटों पर अभी जारी उपचुनाव की मतगणना के हिसाब से, निर्दलीय उम्मीदवारों ने बढ़त बनाई हुई है।
 

 

11:39 AM, 10-Nov-2020

छत्तीसगढ़ की एक सीट पर कांग्रेस आगे

छत्तीसगढ़ विधानसभा की एक सीट पर हो रहे उपचुनाव में कांग्रेस पार्टी आगे चल रही है।
 
 

11:33 AM, 10-Nov-2020

हम जीत रहे हैं: नरोत्तम मिश्रा

मध्यप्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा, भाजपा के पास खोने के लिए कुछ नहीं है, जो हार रहे हैं, उनसे पूछिए। हम केवल जीत हासिल करेंगे। मैंने दिग्विजय सिंह का बयान सुना। अगर वह ईवीएम पर सवाल उठा रहे हैं, तो इसका मतलब है कि भाजपा जीत रही है। हम बहुमत प्राप्त कर रहे हैं और दो बुजुर्ग (दिग्विजय सिंह, कमलनाथ) दिल्ली जा रहे हैं। 
 
 

11:28 AM, 10-Nov-2020

बदनावर से भाजपा आगे

बदनावर विधानसभा चुनाव के लिए छठे राउंड में मतगणना हो गई है। इस राउंड के बाद भाजपा के राजवर्धन सिंह लगभग 17 हजार वोटों से आगे चल रहे हैं। 

11:23 AM, 10-Nov-2020

इन नेताओं का ये है हाल

पूर्व मंत्री तुलसी सिलावट, गोविंद सिंह राजपूत और मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया, प्रदुम्न सिंह तोमर, बृजेंद्र सिंह यादव, इमरती देवी, प्रभुराम चौधरी, हरदीप सिंह डंग, राजवर्धन सिंह दत्तीगांव, सुरेश धाकड़ और बिसाहूलाल आगे चल रहे हैं। वहीं सिंधिया खेमे के तीन मंत्री ओपीएस भदौरिया, गिर्राज दंडोतिया और ऐंदल सिंह कंसाना पीछे हैं।

11:15 AM, 10-Nov-2020

मुझे मतदाताओं पर भरोसा: कमलनाथ

शुरुआती रुझानों के बाद कमलनाथ ने कहा, मैं मध्यप्रदेश के भविष्य की सुरक्षा के लिए कामना करता हूं। मुझे मतदाताओं पर पूरा भरोसा है कि वे सच्चाई और झूठ के बीच फैसला करेंगे। 

11:07 AM, 10-Nov-2020

अम्बाह सीट से कांग्रेस आगे

अम्बाह विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी सत्यप्रकाश सखवार आगे चल रहे हैं। वहीं, भाजपा प्रत्याशी कमलेश जाटव फिलहाल पीछे चल रहे हैं। 

10:59 AM, 10-Nov-2020

पोहरी सीट से बसपा आगे

मध्यप्रदेश की पोहरी विधानसभा सीट से बसपा प्रत्याशी कैलाश कुशवाह आगे चल रहे हैं। भाजपा प्रत्याशी और मंत्री सुरेश धाकड़ इस समय तीसरे नबंर पर हैं। वहीं, कांग्रेस  प्रत्याशी हरिवल्लभ शुक्ला दूसरे नंबर पर काबिज हैं। 

10:53 AM, 10-Nov-2020

छत्तीसगढ़ की मरवाही सीट पर कांग्रेस आगे

चुनाव आयोग के अनुसार, छत्तीसगढ़ में मरवाही विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव की मतगणना में कांग्रेस आगे चल रही है। 
 


 

10:47 AM, 10-Nov-2020

मणिपुर की पांच में से एक सीट पर भाजपा को मिली जीत

मणिपुर उपचुनाव में 5 में से 1 विधानसभा सीट, सिंघात पर भाजपा ने जीत हासिल की। अन्य 4 सीटों पर मतगणना अभी भी जारी। वांगोइ में अब भाजपा पार्टी आगे चल रही है।
 
 

10:43 AM, 10-Nov-2020

ओडिशा की दोनों सीटों पर बीजद को बढ़त

ओडिशा के बालासोर और तीर्तोल विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव की मतगणना जारी है। दोनों सीटों पर अभी बीजू जनता दल ने बढ़त बनाई हुई है।
 
 

10:38 AM, 10-Nov-2020

सुमावली से भाजपा आगे

सुमावली में कांग्रेस प्रत्याशी अजब सिंह कुशवाह भाजपा प्रत्याशी और मंत्री एंदल सिंह कंषाना पीछे हैं।

10:35 AM, 10-Nov-2020

भांडेर से कांग्रेस आगे

भांडेर से कांग्रेस उम्मीदवार फूलसिंह बरैया आगे चल रहे हैं। 

10:31 AM, 10-Nov-2020

अशोकनगर-मुंगावली से भाजपा आगे

अशोकनगर-मुंगावली विधानसभा में भाजपा उम्मीदवार बृजेंद्र सिंह यादव को पहले राउंड के बाद 5383 की बढ़त के साथ आगे चल रहे हैं। 

10:23 AM, 10-Nov-2020

मध्यप्रदेश में इन सीटों पर भाजपा आगे, तो इस पर कांग्रेस

सुवासरा, सांची, नेपानगर, बदनावर, सांवेर और मलहरा सीट से भाजपा आगे चल रही है। वहीं, कांग्रेस आगर से आगे चल रही हैं। 

10:18 AM, 10-Nov-2020

झारखंड की दोनों सीटों पर भाजपा आगे

चुनाव आयोग के मुताबिक झारखंड विधानसभा की 2 सीटों पर हुए उपचुनाव में भाजपा दोनों सीटों पर आगे चल रही है।
 

 

10:14 AM, 10-Nov-2020

ओडिशा में दो सीटों में से एक पर बीजद आगे

चुनाव आयोग के अनुसार, उपचुनावों में ओडिशा की दो विधानसभा सीटों में से एक पर बीजू जनता दल (बीजद) आगे चल रही है। 
 
 

10:10 AM, 10-Nov-2020

सुरखी से गोविंद सिंह राजपूत आगे

सुरखी विधानसभा से भाजपा के गोविंद सिंह राजपूत 5470 वोटों से आगे चल रहे हैं। वही, कांग्रेस के पारुल साहू को अभी तक 2377 मत मिले हैं। 

10:06 AM, 10-Nov-2020

बड़ामलहरा सीट से भाजपा आगे

छतरपुर जिले की बड़ामलहरा सीट से पहले राउंड में भाजपा के प्रदुम्म सिंह 905 वोटों से आगे चल रहे हैं। भाजपा को 2860 मत मिले। वहीं, कांग्रेस को 1995 मत मिले। फिलहाल डाक मतपत्रों की गिनती जारी।

10:02 AM, 10-Nov-2020

मणिपुर में जारी है मतगणना

मणिपुर के इंफाल वेस्ट जिले के डिप्टी कमिश्नर कार्यालय लाम्फेलपात में वांगोइ में हुए उपचुनाव के मतदान की काउंटिंग जारी। फिलहाल वांगोइ विधानसभा सीट पर कांग्रेस पार्टी आगे चल रही है। आज मणिपुर में 5 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजे घोषित किए जाएंगे।

09:58 AM, 10-Nov-2020

गुजरात में भाजपा आगे

चुनाव आयोग के मुताबिक गुजरात विधानसभा की 8 सीटों पर हुए उपचुनावों में से सात सीटों पर भाजपा और एक सीट पर कांग्रेस बढ़त बनाए हुए हैं।
 
 

09:53 AM, 10-Nov-2020

ग्वालियर पूर्व में भाजपा आगे

ग्वालियर पूर्व सबसे कम मतदान वाली विधानसभा में भाजपा प्रत्याशी मुन्नालाल गोयल फिलहाल आगे चल रहे हैं। अनूपपुर और जोरा में भी भाजपा आगे चल रही है। 

09:49 AM, 10-Nov-2020

पहले राउंड में तुलसी सिलावट आगे

पहले राउंड की गिनती में तुलसी सिलावट को 5400 अधिक वोट मिले हैं। 

09:44 AM, 10-Nov-2020

कर्नाटक की आरआर नगर सीट पर भाजपा आगे

कर्नाटक की आरआर नगर विधानसभा सीट पर भाजपा आगे चल रही है। 

09:41 AM, 10-Nov-2020

मुरैना की 5 में से 4 सीटों पर कांग्रेस आगे

मुरैना की 5 सीटों में से 4 सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशी ने बढ़ाई बढ़त। हाटपिपल्या से राजेंद्र सिंह बघेल आगे चल रहे हैं। 

09:37 AM, 10-Nov-2020

देवास में मतगणना स्थल पर विवाद

देवास में मतगणना स्थल पर विवाद हो गया है। इस कारण मतगणना को रोक दिया गया है। मिली जानकारी के अनुसार, भाजपा जिलाध्यक्ष मोबाइल लेकर यहां पहुंचे थे। जिसके बाद कांग्रेस नेताओं ने आपत्ति जताई। इस कारण मतगणना को रोक दिया गया। 

09:33 AM, 10-Nov-2020

गुजरात की दो सीटों पर भाजपा आगे

गुजरात विधानसभा की आठ सीटों पर हुए उपचुनावों की मतगणना में दो सीटों पर भाजपा आगे चल रही है। 

09:29 AM, 10-Nov-2020

अनूपपुर से बिसाहूलाल सिंह आगे

अनूपपुर विधानसभा पहले राउंड के नतीजों के अनुसार, पहले राउंड में भाजपा के बिसाहूलाल सिंह आगे चल रहे हैं। 

09:24 AM, 10-Nov-2020

कमलनाथ ने की पूजा अर्चना

पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने आज सुबह भोपाल के कमला पार्क में स्थित हनुमान मंदिर में दर्शन कर पूजा अर्चना की।

09:18 AM, 10-Nov-2020

सुरखी विधानसभा सीट से भाजपा आगे

सुरखी विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी गोविंद सिंह राजपूत 3000 वोट से आगे चल रहे हैं। 

09:14 AM, 10-Nov-2020

भाजपा को 14 सीटों पर बढ़त

शुरुआती रुझानों में भाजपा 14 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं, कांग्रेस सिर्फ 6 सीट पर आगे चल रही है। 

09:09 AM, 10-Nov-2020

डबरा से इमरती देवी आगे

डबरा विधानसभा सीट से भाजपा आगे चल रही है। यहां से भाजपा प्रत्याशी इमरती देवी 500 वोटों से आगे चल रही हैं। 

09:04 AM, 10-Nov-2020

ब्यावरा से भाजपा आगे

मध्यप्रदेश की ब्यावरा सीट से भाजपा आगे चल रही है। यहां से नारायण सिंह पवार एक हजार वोटों से आगे चल रहे हैं। 

08:20 AM, 10-Nov-2020

कांग्रेस ने 'जय वीर हनुमान, करो कल्याण' के कैप्शन से ट्वीट किया

उपचुनाव के नतीजे आने में अभी समय है। ऐसे में नतीजों से पहले मध्यप्रदेश कांग्रेस ने अपने ट्विटर पर एक वीडियो पोस्ट किया। इस वीडियो को 'जय वीर हनुमान, करो कल्याण' के कैप्शन के साथ शेयर किया गया है। 
 

 

07:51 AM, 10-Nov-2020

मार्च में कांग्रेस के 22 विधायकों ने दिया था इस्तीफा

मध्य प्रदेश की 230 सदस्यीय विधानसभा में वर्तमान में भाजपा के 107, कांग्रेस के 87, बसपा के दो, सपा का एक और चार निर्दलीय विधायक हैं। राज्य में इस वर्ष मार्च में कांग्रेस के 22 विधायकों ने त्यागपत्र दे दिया था जिससे अल्पमत में आई कमलनाथ सरकार गिर गई थी। इनमें अधिकांश विधायक ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थक थे, जो बाद में भाजपा में शामिल हो गए। सिंधिया स्वयं भी मार्च में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे।

07:46 AM, 10-Nov-2020

एग्जिट पोल में भाजपा को बढ़त

मध्यप्रदेश की विधानसभा की 28 सीटों के लिए एग्जिट पोल में भाजपा को बढ़त दिखाई जा रही है। यदि ऐसा होता है तो मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अपनी गद्दी को फिर से बचा पाएंगे। 

07:42 AM, 10-Nov-2020

मणिपुर की चार विधानसभा सीटों के लिए भी आज होगी मतगणना

मणिपुर की चार विधानसभा सीटों पर मतदान की मतगणना के लिए सभी व्यवस्थाएं की गई हैं, जहां पिछले सप्ताह उपचुनाव हुए थे। मतगणना केंद्रों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम हैं। वहां पर कोविड-19 सुरक्षा प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन किया जाएगा। 

07:38 AM, 10-Nov-2020

इस उपचुनाव के क्या हैं मायने

उपचुनाव ज्योतिरादित्य सिंधिया फैक्टर का भी एक परीक्षण है क्योंकि ग्वालियर के पूर्ववर्ती शाही परिवार के लोगों ने इस मार्च को अपने वफादार विधायकों के साथ कांग्रेस छोड़ दी थी, जो अब भाजपा के टिकट पर लड़ रहे हैं। इसका परिणाम पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के लिए भी महत्वपूर्ण है, जिन्होंने सात महीने पहले सिंधिया द्वारा विद्रोह के बाद राज्य में सत्ता खो दी थी। चुनाव परिणाम दोनों दलों के भाग्य का फैसला करेंगे, हालांकि विभिन्न एग्जिट पोल ने भाजपा के लिए बढ़त की भविष्यवाणी की है।

07:32 AM, 10-Nov-2020

आठ बजे सुबह शुरू होगी मतगणना

58 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के लिए वोटों की गिनती सुबह आठ बजे शुरू होगी। तस्वीरें गुजरात के डंग और मध्यप्रदेश के मुरैना जिले की हैं। 
 
 

07:25 AM, 10-Nov-2020

चुनावों में खूब हुई नेताओं के बीच जुबानी

मध्यप्रदेश उपचुनाव के दौरान भाजपा और कांग्रेस नेताओं के बीच जमकर जुबानी तीर चले। कभी सूबे के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पूर्व सीएम कमलनाथ को घेरा, तो कभी कमलनाथ खुद ही अपने विवादित बयानों के चलते घिरे। 

07:17 AM, 10-Nov-2020

नतीजों का असर तीन राजनेताओं के भविष्य पर पड़ेगा

इन उपचुनावों में 12 मंत्रियों सहित कुल 355 उम्मीदवार मैदान में हैं। भाजपा को सत्ता बरकरार रखने के लिए 28 सीटों में से कम से कम आठ सीटें जीतने की जरूरत है। नतीजों का असर तीन राजनेताओं- मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और भाजपा नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया के राजनीतिक भविष्य पर पड़ेगा।

07:08 AM, 10-Nov-2020

कांग्रेस को 28 सीटों पर है जीत की जरूरत

उपचुनाव की घोषणा होने के बाद दमोह से कांग्रेस के विधायक राहुल लोधी भी त्यागपत्र देकर भाजपा में शामिल हो गए। सदन की प्रभावी संख्या 229 के आधार पर बहुमत का जादुई आंकड़ा 115 का होता है। भाजपा को इस आंकड़े को पाने के लिए आठ सीट की जरूरत है जबकि कांग्रेस के लिए सभी 28 सीटें जीतना जरूरी है।

07:01 AM, 10-Nov-2020

विधानसभा में वर्तमान में भाजपा के 107 विधायक हैं

मध्यप्रदेश की 230 सदस्यीय विधानसभा में वर्तमान में भाजपा के 107, कांग्रेस के 87, बसपा के दो, सपा का एक और चार निर्दलीय विधायक हैं।

06:53 AM, 10-Nov-2020

मध्यप्रदेश के इतिहास में पहली बार इतनी सीटों पर उपचुनाव

मध्यप्रदेश के इतिहास में पहली बार इतनी सीटों पर उपचुनाव हुए हैं। राज्य में इस साल मार्च में कांग्रेस के 22 विधायकों ने त्यागपत्र दे दिया था जिससे अल्पमत में आई कमलनाथ सरकार गिर गई थी। इनमें अधिकांश विधायक ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थक थे, जो बाद में भाजपा में शामिल हो गए थे। सिंधिया खुद भी मार्च में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे।

06:46 AM, 10-Nov-2020

कमलनाथ-दिग्विजय सिंह की साख की परीक्षा

उपचुनाव के परिणाम जितने भाजपा के लिए महत्वपूर्ण हैं, उतने ही कांग्रेस के लिए भी। इनके परिणामों पर कांग्रेस के दिग्गज नेता कमलनाथ और दिग्विजय सिंह का भविष्य निर्भर करेगा। पार्टी को सत्ता में वापस लाने में ये जोड़ी सफल रही तो दोनों नेताओं का कद राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ेगा और हार मिली तो दोनों के सियासी सफर पर ब्रेक भी लग सकता है। ऐसा होने पर प्रदेश में कांग्रेस की नई पीढ़ी को आगे आने का मौका मिलेगा।

06:40 AM, 10-Nov-2020

मध्यप्रदेश की राजनीति का परिदृश्य बदला

मध्यप्रदेश की राजनीति का परिदृश्य अब बदल गया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ गए विधायकों के कारण प्रदेश में उपचुनाव होने और अब परिणाम आने से पहले भाजपा और कांग्रेस की चिंता इस बात को लेकर है कि जितने विधायक उनके पास हैं, वे सुरक्षित रहें। अपने-अपने विधायकों को संभालकर रखना दोनों दलों के लिए बड़ी चुनौती है। एक्जिट पोल के नतीजों से पहले ही दोनों दल इसमें मुस्तैदी से जुटे थे। एक्जिट पोल के बाद विधायकों के लिए निगरानी तंत्र और अधिक सक्रिय कर दिया गया है।

06:35 AM, 10-Nov-2020

12 मौजूदा मंत्रियों का भविष्य दांव पर

ईवीएम के साथ ही डाक मतपत्र गिने जाएंगे। इस बार 27 हजार उन मतदाताओं ने डाक मतपत्रों से मताधिकार का उपयोग किया जो 80 साल से अधिक आयु, निशक्तजन या कोरोना संक्रमित या संदिग्ध थे। इस उपचुनाव में 12 मौजूदा मंत्रियों का भविष्य दांव पर है। ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए 22 विधायकों में से 12 इस समय सरकार में मंत्री हैं, दो पूर्व मंत्री भी मैदान में हैं।

06:31 AM, 10-Nov-2020

कांग्रेस को बहुमत के लिए सभी 28 सीटें जीतना जरूरी

उपचुनाव की घोषणा होने के बाद दमोह से कांग्रेस के विधायक राहुल लोधी भी त्यागपत्र देकर भाजपा में शामिल हो गए। सदन की प्रभावी संख्या 229 के आधार पर बहुमत का जादुई आंकड़ा 115 का होता है। भाजपा को इस आंकड़े को पाने के लिए आठ सीट की जरूरत है जबकि कांग्रेस को सभी 28 सीटें जीतना जरूरी है।

06:23 AM, 10-Nov-2020

वर्तमान में भाजपा के 107 विधायक

मध्यप्रदेश की 230 सदस्यीय विधानसभा में वर्तमान में भाजपा के 107, कांग्रेस के 87, बसपा के दो, सपा का एक और चार निर्दलीय विधायक हैं। बहुमत के लिए भाजपा को सिर्फ आठ विधायकों की जरूरत है।

 

06:17 AM, 10-Nov-2020

इतिहास में पहली बार इतनी सीटों पर उपचुनाव हुए

मध्यप्रदेश के इतिहास में पहली बार इतनी सीटों पर उपचुनाव हुए हैं। मध्यप्रदेश में इस वर्ष मार्च में कांग्रेस के 22 विधायकों ने त्यागपत्र दे दिया था जिससे कमलनाथ सरकार अल्पमत में आकर गिर गई थी। इनमें अधिकांश विधायक ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थक थे, जो बाद में भाजपा में शामिल हो गए। सिंधिया स्वयं भी मार्च में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे।

06:08 AM, 10-Nov-2020

ज्योतिरादित्य सिंधिया का भविष्य भी होगा तय

कोविड-19 महामारी के बीच मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश समेत 11 राज्यों की 58 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के लिए आज मतगणना होगी। मध्यप्रदेश की 28 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव का परिणाम राज्य की शिवराज सिंह चौहान सरकार के साथ-साथ ज्योतिरादित्य सिंधिया का भविष्य तय करेंगे।

05:58 AM, 10-Nov-2020

उपचुनाव Live: भाजपा को 19 तो कांग्रेस को आठ सीटें, एक सीट का परिणाम अभी बाकी

मध्यप्रदेश की 28 सीटों पर हुए उपचुनाव की मतगणना आज होगी। मतगणना सुबह आठ बजे से 19 जिला मुख्यालयों पर होगी। सुरक्षा के लिए ग्वालियर-भिंड और मुरैना में अतिरिक्त सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है।

उपचुनाव के नतीजे दोपहर बाद आने की संभावना है। इस बार 27 हजार उन मतदाताओं ने डाक मतपत्रों से मताधिकार का उपयोग किया जो 80 साल से अधिक आयु, निशक्तजन या कोरोना संक्रमित या संदिग्ध थे। इनके लिए चुनाव आयोग ने 34, 546 डाक मतपत्र जारी किए थे। जानकारी के अनुसार, प्रत्येक चक्र की गणना को तभी पूरा माना जाएगा, जब सभी उम्मीदवार इससे संतुष्ट होंगे। इसके बाद अगले चक्र की गणना की जाएगी। 


मध्यप्रदेश उपचुनाव की 28 सीटें सिर्फ भाजपा सरकार बचाने के लिहाज से ही अहम नहीं है, बल्कि इनसे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और राज्यसभा सदस्य ज्योतिरादित्य सिंधिया का राजनीतिक भविष्य भी तय होगा। वैसे तो शिवराज सरकार को बचाए रखने के लिए भाजपा को सिर्फ आठ सीटों की जरूरत है। इन्हें पाना आसान भी दिख रहा है, लेकिन पार्टी का लक्ष्य कम से कम 20 सीटें हासिल करने का है।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें