मुरैना जिले के जौरा में ड्यूटी शिक्षकों की गंदी करतूत सामने आई है। यहां पर आज (सोमवार) को दो ड्यूटी शिक्षकों ने अपने मोबाइल फोन से हाई स्कूल विज्ञान का पेपर आउट कर दिया। इस मामले की भनक लगते ही जिला कलेक्टर, एसडीएम जिला शिक्षा अधिकारी मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने मामले की पड़ताल करने के बाद दो शिक्षकों सहित तीन के फोन जब्त कर तत्काल पुलिस को खबर कर दी। कलेक्टर के निर्देश पर दोनों शिक्षकों के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है। बताया जा रहा है कि शिक्षकों ने यह कृत्य अपने रिश्तेदार के बेटों को लाभ पहुंचाने के लिए किया था।
जानकारी के अनुसार माध्यमिक शिक्षा मंडल मध्यप्रदेश भोपाल द्वारा आयोजित हाई स्कूल बोर्ड परीक्षा का आज (सोमवार) को विज्ञान का पेपर था। जिले के सभी परीक्षा केंद्रों पर निर्धारित समय पर पेपर खोला गया। इसी क्रम में जौरा कस्बे के सेंट्रल अकेडमी स्कूल परीक्षा केंद्र पर भी नियत समय पर पेपर खोला गया था, लेकिन यहां पर पेपर खुलते ही दो ड्यूटी शिक्षकों ने अपने-अपने मोबाइल फोन से पेपर आउट कर दिया। इस बात की जानकारी किसी ने जिला प्रशासनिक अधिकारियों को दे दी। इसकी खबर लगते ही जिला कलेक्टर अंकित अष्ठाना, एसडीएम अरविंद माहौर व डीईओ एके पाठक मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने मामले की पड़ताल करते हुए दोनों शिक्षकों के मोबाईल फोन जब्त कर उनकी जांच की गई, तो मामला सही पाया गया। इसके बाद कलेक्टर ने तत्काल दोनों शिक्षकों के खिलाफ मामला दर्ज करवाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर के निर्देश पर सीएस ने पुलिस बुलवाकर दोनों शिक्षको को उनके हवाले कर दिया। इस मामले की एसडीएम, डीईओ और बीईओ मामले की जांच कर रहे है। पुलिस ने शिक्षकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। कलेक्टर अंकित अस्थाना का कहना है कि जौरा सेंट्रल अकेडमी परीक्षा केंद्र पर दो शिक्षकों ने अपने मोबाईल फोन से हाई स्कूल विज्ञान का पेपर आउट कर दिया है। मामले की जांच की जा रही है। दो शिक्षकों सहित तीन के खिलाफ पुलिस कार्रवाई की जा रही है।