मुरैना जिले में पहाड़गढ़ क्षेत्र के चाचुल गांव में कुछ बदमाशों द्वारा फायरिंग का वीडियो सामने आया है।फायरिंग करने वाले बदमाशों ने फायरिंग की, वे उसी गांव के बताए जा रहे हैं। फायरिंग के बाद गांव में दहशत फैल गई। फायरिंग का वीडियो वायरल हो रहा है।
बता दें कि चाचुल गांव में दो पक्षों के बीच में जमीनी विवाद चल रहा है। यह विवाद वन विभाग की लगभग 500 बीघा जमीन को लेकर चल रहा है। इससे पहले भी दोनों पक्षों के बीच में कई बार गोलियां चली तथा प्राणघातक हमले हुए। इन हमलों के बाद एक पक्ष के लोग जेल भी गए। दूसरे पक्ष के लोगों पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज होने के बावजूद भी पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार नहीं किया। उन लोगों में से दो आरोपियों को जिला बदर किया गया है, जिनके नाम पप्पू गुर्जर तथा मातादीन गुर्जर हैं।
गांव के लोगों का कहना है कि जिला बदर होने के बावजूद दोनों आरोपी गांव में ही घूमते रहते हैं तथा गांव वालों को धमकाते रहते हैं। गांव के दूसरे पक्ष के अनुसार, गांव के आठ लोगों पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज है। इनमें पप्पू तथा मातादीन के अलावा, भोला, भूरा, देवा, घन्सू, रामवीर तथा रघुनाथ गुर्जर शामिल हैं।