मुरैना में फ़ॉरेस्ट विभाग की टीम पर फिर हमलाहमले में दो बनपाल घायल, वाहन भी क्षतिग्रस्त
चंबल में एक बार फिर माफियाओं ने आधी रात को वन विभाग की टीम पर पथराव कर दिया और ट्रैक्टर-ट्रॉली लूटने का प्रयास किया। हमले में दो वनपाल घायल हो गए और वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया है।
मामला देवगढ़ थाना क्षेत्र का बताया गया है। वन विभाग की टीम ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर थाने में रखवा दिया है। पुलिस ने ट्रैक्टर मालिक सहित आधा दर्जन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मुरैना देवरी गेम रेंजर भूरा गायकवाड़ के नेतृत्व में देवरी तथा मुरैना गेम रेंज की टीम बीती रात गश्त करने निकली थी। वन विभाग की दोनों टीमें चंबल किनारे गश्त करते हुए रात करीब 11 बजे देवगढ़ थाना क्षेत्र स्थित नंद पुरा की पुलिया के पास से गुजर रही थी, तभी रेत से भरा हुआ एक ट्रैक्टर-ट्रॉली आता हुआ दिखाई दिया। वन विभाग की टीम को देखते ही चालक ने ट्रैक्टर को तेज रफ्तार से भगाना शुरू कर दिया।
ये भी पढ़ें-
प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक को मामा ने बनाया बंधक, 24 घंटे बेरहमी से पीटा और गांव के बाहर फेंका
फॉरेस्ट विभाग की टीम को पीछे आता हुआ देख चालक ट्रैक्टर से कूदकर भाग गया। वन विभाग के अधिकारी ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर देवगढ़ थाने ले जा रहे थे, तभी मुख्य मार्ग पर पहुंचते ही आधा दर्जन बजरी माफियाओं ने पथराव कर हमला बोल दिया। वन विभाग की टीम ने बजरी माफियाओ का डटकर मुकाबला करते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली को लेकर थाने पहुंच गए। इस हमले में वनपाल महेश धाकड़ तथा वन रक्षक सुनील कंषाना घायल हुए हैं। इसके अलावा दो वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। पुलिस ने वन अधिकारियों की रिपोर्ट पर ट्रैक्टर मालिक सहित 4-5 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
ये भी पढ़ें-
आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष सहित अन्य 15 पर केस दर्ज, मुख्यमंत्री का पुतला जलाने पर कार्रवाई
रेंजर भूरा गायकवाड़ ने बताया कि रविवार रात गश्त करने के लिए निकले थे। नंदपुरा की पुलिया के पास एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर थाने ले जा रहे थे, तभी बजरी माफियाओं ने रास्ते में पथराव कर दिया। इस हमले में दो कर्मचारी घायल हुए हैं, तथा दो वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। देवगढ़ थाने में मामला दर्ज कराया गया है।