मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में 60 हजार रुपये का इनामी कुख्यात डकैत कल्ली गुर्जर पुलिस बल को खुली चुनौती देते हुए सोशल मीडिया पर लगातार सक्रिय है। बीहड़ और जंगलों में 200 जवानों की सर्चिंग के बावजूद डकैत कल्ली गुर्जर एक के बाद वीडियो अपलोड कर अपने विरोधी करुआ गुर्जर को ललकार रहा है। गुरुवार को सामने आए एक नए वीडियो में वह मुरैना के प्रसिद्ध महेश्वरा मंदिर के सामने खड़ा दिखाई दे रहा है।
महेश्वरा मंदिर के सामने से दिया चैलेंज
नवीनतम वीडियो में इनामी डकैत कल्ली गुर्जर अपने विरोधी करुआ गुर्जर को फोन पर ललकारते हुए मंदिर परिसर में आने की बात कह रहा है। डकैत वीडियो में कह रहा है कि वह मुरैना के महेश्वरा मंदिर पर पहुंच गया है और यदि करुआ गुर्जर में दम है तो वह आकर उससे मिले। वास्तव में दो दिन पहले करुआ गुर्जर ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर कल्ली गुर्जर को इसी महेश्वरा मंदिर पर मिलने की चुनौती दी थी। इस चुनौती का जवाब देने के लिए कल्ली गुर्जर बुधवार को मंदिर पहुंचा और वहां से वीडियो बनाकर अपने विरोधी को भेज दिया।
ये भी पढ़ें-
भोपाल: बांग्लादेश का संदिग्ध आतंकी एम्स में भर्ती, जेएमबी से जुड़े तालुकदार को देवबंद से गिरफ्तार कर लाया गया
सोशल मीडिया पर जारी है गिरोह की जंग
डकैत कल्ली गुर्जर और उसके विरोधी करुआ गुर्जर के बीच सोशल मीडिया पर खुलेआम जंग जारी है। शुरुआत में करुआ गुर्जर ने वीडियो जारी करके डकैत कल्ली गुर्जर और उसके परिवारजनों के लिए अपशब्द कहे थे। इसके जवाब में पिछले चार दिन के भीतर डकैत कल्ली गुर्जर की ओर से चार वीडियो जारी किए जा चुके हैं। इन वीडियो में कल्ली गुर्जर अपने विरोधी को लगातार ललकारते हुए मिलने का स्थान तय करने और सामने आने की बात दोहरा रहा है।
तीन जिलों की पुलिस कर रही सर्चिंग
इस पूरे घटनाक्रम में हैरानी की बात यह है कि 60 हजार रुपये के इनामी डकैत को पकड़ने के लिए तीन जिलों की पुलिस लगी हुई है। मुरैना, ग्वालियर और पड़ोसी राज्य राजस्थान के बीहड़ों व जंगलों में 200 जवान लगातार सर्चिंग अभियान चला रहे हैं, लेकिन डकैत पुलिस को चकमा देकर खुलेआम वीडियो जारी कर रहा है। सूत्रों के अनुसार डकैत कल्ली गुर्जर चंबल नदी पार करके राजस्थान से मुरैना और ग्वालियर जिले की सीमाओं में लगातार अपनी मौजूदगी दर्ज करा रहा है।
हालांकि इस मूवमेंट की पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। उधर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो की जांच की जा रही है और डकैत की लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास जारी है। पुलिस का दावा है कि बीहड़ में घेराबंदी मजबूत कर दी गई है और डकैत कल्ली गुर्जर को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।