बिजली कंपनी के कर्मचारियों पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया।
- फोटो : अमर उजाला
बकायादारों से वसूली करने मुरैना जिले के नदोलपुरा गांव पहुंची बिजली विभाग की टीम पर तकरीबन आधा दर्जन लोगों ने हमला बोल दिया। हमले के दौरान उन्होंने बिजली कर्मचारियों की मारपीट की और बिल जमा करने की मशीन को जमीन पर पटककर तोड़ डाला।
जानकारी के अनुसार थरा विद्युत वितरण केन्द्र के सहायक प्रबंधक विक्रांत धुर्वे, भूपेश बाथम, लाइन हेल्पर श्यामसुंदर शर्मा, परवीन सिंह तोमर, राजकुमार तोमर, विजय सिंह तोमर, धीरज सिंह परिहार, वीरेश सिंह तोमर,प्रशांत मुदगल की टीम बकायादारों से वसूली करने के लिए नदोल का पुरा गांव में पहुंची हुई थी। इसी दौरान जब टीम बकायादार नाथू सिंह परमार के घर 3 लाख 37 हजार 448 रुपये की राशि वसूलने पहुंचे तो नाथू सिंह परमार ने राशि जमा करने से इनकार कर दिया। सहायक प्रबंधक धुर्वे के निर्देश पर जब कर्मचारी पंप की लाइन के तार काटने एवं ट्रांसफॉर्मर उठाने की कार्रवाई करने लगे, तभी नाथू सिंह परमार, उसके दो भाइयों सहित नाथू सिंह के बेटों ने टीम के सदस्यों पर हमला बोल दिया। उनके द्वारा टीम के सदस्यों की मारपीट करते हुए बिल जमा करने की मशीन छुड़ाकर जमीन पर पटककर तोड़ दी। जैसे-तैसे बिजली कर्मचारियों ने वहां से भागकर अपनी जान बचाई। बिजली कर्मचारियों की ओर से अंबाह पुलिस को आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करने के लिए आवेदन दिया गया है।
दो दिन पहले सीहोर में भी हुआ था हमला
दो दिन पहले भी सीहोर जिले में पुलिस थाना इछावर के गांव ढाबला माता के ग्रामीणों ने हमला किया था। विद्युत वितरण कंपनी के इछावर वितरण केंद्र का अमला सहायक इंजीनियर चंद्रशेखर सिंह के नेतृत्व में मंगलवार दोपहर को विद्युत पंप कनेक्शनों की रूटीन चेकिंग के लिए गांव ढाबला माता गया था। इसी दौरान अमले को सज्जन सिंह पिता बट्ट सिंह, भोजराज पिता रमेश परमार और कैलाश पिता देवीसिंह के तीन विद्युत पंप बिना कनेक्शन के चलते हुए मिले। इस पर अमले ने पंप मालिकों के खिलाफ पंचनामा तैयार कर विद्युत उपकरण स्टार्टर, तार आदि जब्त कर लिए। इसी बीच कार्रवाई की भनक लगते ही आरोपी अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचे और आकर कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज करते हुए कुएं के पास खड़े सहायक इंजीनियर को धक्का देकर कुएं में फेंक दिया। इसके बाद दूर खड़े कर्मचारी लाइनमैन और दो हेल्परों को मारने के लिए डंडे लेकर उनके पीछे दौड़े। इस पर कर्मचारी जान बचाकर मौके से फरार हो गए।