मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में सोमवार को पत्थरों से लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली की ऑटो रिक्शा से टक्कर हो गई, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना माता बसैया पुलिस स्टेशन के अंतर्गत सुबह करीब 10:30 बजे हुई।
विज्ञापन
ये हैं मृतकों के नाम
उन्होंने बताया कि पत्थरों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली, बनमोर से माता बसैया मंदिर जा रहे श्रद्धालुओं को ले जा रहे एक ऑटो रिक्शा से टकरा गई। माता बसैया पुलिस स्टेशन के प्रभारी विवेक तोमर ने बताया कि इस टक्कर में महेंद्र राठौर (50), मनोरमा राठौर (45) और ऑटो रिक्शा चालक रामकेश (26) की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि दो साल की बच्ची समेत पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
तोमर ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। उन्होंने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और यह पता लगाने के लिए जांच चल रही है कि क्या पत्थरों का अवैध परिवहन किया जा रहा था।