छतरपुर जिला अस्पताल में भर्ती नाबालिग
- फोटो : अमर उजाला
छतरपुर में फसल काटते समय एक 17 वर्षीय नाबालिग का हाथ थ्रेशर मशीन में फंसकर कट गया। हादसे के बाद मौजूद लोगों ने नाबालिग को खींचकर उसकी जान बचाई। मामला छतरपुर जिले के पिपट थाना क्षेत्र के हटवाहा गांव का है। जहां 17 वर्षीय अखिलेश अहिरवार पिता रामदास अहिरवार अपने खेत में ट्रैक्टर वाले बड़े थ्रेसर से फसल की थ्रेशरिंग करवा रहा था, तभी वह थ्रेशर की चपेट में आ गया और उसका दांया हाथ थ्रेशर में फंस गया। उसे थ्रेशर में फंसा देख मौजूद लोगों ने उसे खींच कर उसकी जान बचाई। समय रहते नाबालिग को नहीं खींचा गया होता तो थ्रेशर में फंसकर उसकी जान भी जा सकती थी।
हादसे के बाद नाबालिग के परिजन उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल लेकर आये, जहां डॉक्टरों ने उसका ऑपरेशन कर दिया है। फिलहाल नाबालिग को आब्जर्वेशन में रखा गया है नाबालिग के परिजनों ने बताया कि कटा हाथ वहीं छोड़कर चले आए। हाथ कटने से युवक के शरीर का बहुत सारा खून बह गया था, इसलिए उसकी जान की चिंता थी। बुंदेलखंड में इससे पहले भी थ्रेशर मशीन में लोगों के हाथ कटने की घटनाएं सामने आ चुकी है।