मंदसौर में तंत्र-मंत्र और जमीन में दबे सोने का लालच देकर एक महिला से करीब 14 लाख रुपये की ठगी करने वाले कथित तांत्रिक को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने महिला की आर्थिक मजबूरी का फायदा उठाकर उसे अमीर बनने के सपने दिखाए और कई महीनों तक लाखों रुपये ऐंठता रहा। पुलिस ने आरोपी भूरू खां को पकड़कर पूरे मामले का खुलासा किया है।
गरीबी का फायदा उठाकर रचा ठगी का खेल
जानकारी के अनुसार पीड़ित महिला सिलाई-कढ़ाई का काम कर अपने परिवार का पालन-पोषण करती है। पिछले 4-5 वर्षों से उसकी पहचान सीतामऊ की अरगढ़ा बस्ती निवासी 42 वर्षीय भूरू खां पिता नन्हे खां से थी। महिला की आर्थिक स्थिति कमजोर होने का फायदा उठाते हुए आरोपी ने उसे तंत्र-मंत्र और जादुई शक्तियों की बातें बताकर अपने झांसे में लेना शुरू किया। आरोपी दावा करता था कि उसके पास ऐसी विद्या है, जिससे वह किसी को भी रातों-रात अमीर बना सकता है।
मकान में दबे सोने का दिया लालच
आरोपी ने जून 2025 में महिला को बताया कि उसके कच्चे मकान के अंदर भारी मात्रा में सोने के बिस्किट दबे हुए हैं। उसने दावा किया कि वह अपनी तांत्रिक विद्या से उस सोने को बाहर निकाल सकता है। अमीर बनने की उम्मीद में महिला आरोपी के जाल में फंस गई। इसके बाद आरोपी ने तंत्र-मंत्र, पूजा सामग्री और विभिन्न अनुष्ठानों के नाम पर उससे लगातार पैसे लेना शुरू कर दिया।
जून से नवंबर तक ऐंठे 13.80 लाख रुपये
पुलिस के अनुसार आरोपी ने 14 जून 2025 से 21 नवंबर 2025 के बीच महिला से ऑनलाइन ट्रांजैक्शन और नकद के जरिए कुल 13 लाख 80 हजार 790 रुपये वसूल लिए। जब महिला ने बार-बार सोने के बिस्किट मांगे, तो आरोपी नवंबर 2025 में उसके घर पहुंचा। आरोपी ने महिला और उसके परिवार को डराकर घर से बाहर निकाल दिया और करीब आधे घंटे तक बंद कमरे में तंत्र-मंत्र करने का ढोंग करता रहा। कुछ देर बाद वह हाथ में 10 चमचमाते कथित सोने के बिस्किट लेकर बाहर आया और महिला से कहा कि यह असली सोना है, जो उसकी विद्या से निकला है।
पुलिस का डर दिखाकर किया गुमराह
आरोपी ने महिला को चेतावनी दी कि अगर वह इन बिस्किटों को बाजार में बेचने जाएगी तो पुलिस उसे पकड़ लेगी। उसने कहा कि वह अपने परिचित सुनार के जरिए इन बिस्किटों को बिकवाकर मोटी रकम दिलाएगा। डर के कारण महिला कई महीनों तक उन बिस्किटों को छिपाकर रखती रही। लेकिन जब आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा, तो महिला को शक हुआ। महिला ने छिपकर उन बिस्किटों की जांच करवाई, तो पता चला कि वे सोना नहीं बल्कि पीतल के नकली टुकड़े थे। सच्चाई सामने आते ही आरोपी ने अपना मोबाइल बंद कर लिया और फरार हो गया।
ये भी पढ़ें- Bhojshala Case Live: हिंदू पक्ष को पूजा-अर्चना का अधिकार; मुस्लिम पक्ष जा सकता है सुप्रीम कोर्ट; धार में जश्न
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
धोखाधड़ी का पता चलने पर पीड़िता ने कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर मुखबिर तंत्र की मदद से फरार आरोपी भूरू खां को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है।