मंदसौर जिले में राजस्थान पासिंग वैक्यूम टैंकर में अवैध अंग्रेजी शराब की तस्करी करते हुए नई आबादी थाना पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। एसपी अभिषेक आनंद ने बताया कि पुलिस ने टैंकर जब्त कर टैंकर में स्कीम बनाकर ले जाई जा रही 506 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की है। जब्त शराब और टैंकर की कीमत 50 लाख रुपये आंकी गई है।
मंदसौर एसपी अभिषेक आनंद ने सोमवार को पुलिस कंट्रोल रूम पर जानकारी देते हुए बताया कि नई आबादी थाना प्रभारी वरुण तिवारी को अवैध शराब की तस्करी की मुखबिर सूचना प्राप्त होने पर सउनि
सुनील सिंह तोमर के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम द्वारा नालछा माता फंटा पर नाकांबदी कर वैक्यूम टैंकर क्रमांक RJ-15 GA-2111 रोककर तलाशी ली तो उसमें सुनियोजित तरीके से टैंकर के अंदर स्कीम बनाकर भारी मात्रा में अवैध शराब परिवहन कर ले जाई जा रही थी।
मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। टैंकर को जब्त कर थाने लाया गया, यहां टैंकर में भरी 50 लाख रुपये मूल्य की 506 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब जब्त कर आरोपी गुनेशाराम पिता कालाराम जाट उम्र 28 साल निवासी श्रीरामवाला जिला बाड़मेर (राजस्थान) को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपी से अवैध शराब के परिवहन के संबंध में पूछताछ कर शराब के स्रोत के संबंध में पूछताछ की जा रही है।