मंदसौर जिला मुख्यालय पर स्थित आस्था के केंद्र नालछा माता मंदिर में दशहरा पर्व पर शनिवार शाम को मंदिर से वाड़ी विसर्जन का आयोजन किया गया। वाड़ी विसर्जन के पूर्व चूल का आयोजन हुआ, जिसमें कई भक्त माता के जयकारे लगाते हुए दहकते अंगारों के बीच से गुजरे।
मंदसौर शहर की आस्था की केंद्र मां नालछा माता मंदिर से नवरात्रि के समापन पर शनिवार शाम को वाड़ी यात्रा निकाली गई। उसमें शामिल भक्त ढोल-धमाकों के साथ माता के जयकारे लगाते हुए मंदिर परिसर में आयोजित चूल स्थल पर पहुंचे। करीब 12 फीट लंबी चूल जलाई गई।
यहां पर एक-एक कर भक्तों ने दहकते अंगारों पर से निकलना शुरू किया। भक्तों की आस्था के आगे धधकते अंगारे भी मानो नतमस्तक हो रहे थे। चलती चूल पर घी डालकर बार-बार प्रज्ज्वलित किया जा रहा था। करीब आधे घंटे तक भक्तजन हंसते-हंसते चूल से निकलते रहे। उपस्थित भक्तों ने माता के जयकारे लगाकर वातावरण को धर्ममय कर दिया। आयोजन के दौरान मेडिकल स्टाफ सहित सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल भी मौजूद था।