7 साल की बच्ची के साथ दरिंदगी और हत्या से दहला मंदसौर
- फोटो : अमर उजाला
मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के गरोठ थाना क्षेत्र के लुक्का गांव में इंसानियत को झकझोर देने वाली एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहाँ महज 7 साल की एक अबोध बालिका के साथ दो दरिंदों ने पहले बेरहमी से दुष्कर्म किया और फिर पत्थरों से सिर कुचलकर उसकी हत्या कर दी। इस जघन्य वारदात के बाद पूरे इलाके में भारी आक्रोश व्याप्त है और जनता दोषियों को फांसी दिए जाने की मांग कर रही है।
मजदूरी करने वाले पिता के साथ थे आरोपी
मिली जानकारी के अनुसार, मृतका के पिता और आरोपी लुक्का गांव में ही साथ में मजदूरी का काम करते थे। मासूम बच्ची कल (सोमवार) से अचानक गायब थी, जिसके बाद परिजनों ने घबराकर गरोठ थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस और परिजन लगातार बच्ची की तलाश कर रहे थे।
पेड़ के नीचे मिला शव
मंगलवार सुबह गाँव के ही एक कुएं के पास स्थित बरगद के पेड़ के नीचे बच्ची का लहूलुहान शव मिलने से सनसनी फैल गई। दरिंदों ने मासूम के साथ हैवानियत करने के बाद पत्थरों से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी और शव को वहीं फेंककर फरार हो गए थे।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत (राउंडअप) में ले लिया है। फिलहाल पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है और इलाके में तनाव को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। इस अमानवीय घटना ने एक बार फिर समाज और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद मंदसौर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना गरोठ पहुंचे तो आक्रोशित लोगों ने उनके सामने विरोध प्रदर्शन किया। इस मामले को लेकर लोगों में गुस्सा है और चक्काजाम शुरू कर दिया है।