मंदसौर के अभिनंदन क्षेत्र में शनिवार सुबह खौफनाक वारदात सामने आई। सुंदरम वाटिका स्थित ढाबे के पास करीब 6 बजकर 30 मिनट पर फूल तोड़कर घर लौट रहे रवि माली पर अज्ञात बदमाशों ने धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। हमलावर वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, मृतक रवि माली कर्मचारी कॉलोनी, अभिनंदन के निवासी थे। सुबह वे रोज की तरह फूल तोड़ने गए थे। सुंदरम वाटिका के पास ढाबे के समीप पहले से घात लगाए बैठे अज्ञात हमलावरों ने उन पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार किए। जिला अस्पताल में परिजनों ने बताया कि हमलावरों ने रवि माली पर जानलेवा हमला किया और मौके पर ही मौत के घाट उतार दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल रवि ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
पुलिस मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
गांधी चौराहा हत्याकांड से जुड़े तार
चौंकाने वाली बात यह है कि मृतक रवि माली उसी युवक युवराज माली के पिता बताए जा रहे हैं, जिसने विगत दिनों गांधी चौराहा पर चाकूबाजी की घटना को अंजाम दिया था। उस वारदात में भी एक युवक की मौत हो गई थी।
ये भी पढ़ें- Bhopal News: भोपाल में अवैध कॉलोनियों पर चला बुलडोजर, 27 करोड़ रुपये की जमीन से हटाए गए अवैध निर्माण
पुलिस की कार्यशैली पर सवाल
स्थानीय लोगों कहा कि इस हत्याकांड को लगभग चार लोगों ने अंजाम दिया है। यदि गांधी चौराहा की घटना के बाद पुलिस आरोपियों पर समय रहते सख्त कार्रवाई करती, तो शायद आज यह दूसरी वारदात नहीं घटित होती। लगातार हो रही चाकूबाजी की घटनाओं से शहर में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि कहीं न कहीं इसमें पुलिस प्रशासन की लापरवाही भी सामने आ रही है।