मंदसौर में सुवासरा के ग्राम टोकड़ा में एक युवक ने पशु चिकित्सा विभाग के शासकीय वाहन में आग लगा कर शासकीय दल पर पथराव किया, जिसके वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। घटना में पशु चिकित्सक घायल हुआ है। पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
सुवासरा थाने के एसआई शिवांशु मालवीय ने बताया कि सोमवार शाम को उन्हें ग्राम टोकड़ा निवासी अरविंद पिता भगवानलाल पंवार ने पशु एंबुलेंस के हेल्पलाइन नंबर 1962 पर सूचना दी कि उसकी गाय और कुत्ते को किसी ने गोली मार दी है। कॉल पर पशु चिकित्सक डॉक्टर सुमित वर्मा दल के साथ शासकीय वाहन से मौके पर पहुंचे। यहां अरविंद ने शासकीय दल पर पहले तो देरी से पहुंचने का आरोप लगाकर पत्थर चलाए और फिर पशु एंबुलेंस में तोड़फोड़ कर उसमें आग लगा दी।
आरोपी द्वारा किए गए हमले में पशु चिकित्सक को चोट भी आई है। पुलिस ने डॉक्टर सुमित वर्मा की शिकायत पर आरोपी अरविंद के खिलाफ धारा- 353, 332, 427, 294, 506 के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पूर्व में भी कर चुका है ऐसी हरकत
सुवासरा थाने पर पदस्थ एसआई शिवांशु मालवीय ने बताया कि आरोपी अरविंद पूर्व में भी इस तरह की हरकत कर डायल 100 को बुला चुका है। चुकी उसमें पुलिस थी, इसलिए उसने कोई हरकत नहीं की। लेकिन इस बार पशु एंबुलेंस को बुलवाकर उसमें तोड़फोड़ कर आग लगा दी।