कान्हा टाइगर रिजर्व के सरही वन क्षेत्र में बड़े अमाही नाला के पास बीट सरहीनकान में एक नर बाघ शावक मृत पाया गया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही NTCA और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तय नियमों के तहत कार्रवाई शुरू की। क्षेत्र को सुरक्षित कर डॉग स्क्वॉड से जांच कराई गई।
मंडला जिले के कान्हा टाइगर रिजर्व से एक दुखद खबर सामने आई है, जहां सरही वन क्षेत्र में एक नर बाघ शावक मृत अवस्था में मिला। इस घटना से वन विभाग में हड़कंप मच गया और तुरंत जांच शुरू कर दी गई। यह मामला बड़े अमाही नाला के पास बीट सरहीनकान में सामने आया, जहां गश्त के दौरान वन कर्मियों को बाघ का शावक मृत हालत में मिला।
विज्ञापन
टीम ने शुरू की जांच
सूचना मिलते ही NTCA और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और तय नियमों के तहत कार्रवाई शुरू की गई। पूरे इलाके को सुरक्षित कर दिया गया और डॉग स्क्वॉड की मदद से गहन जांच कराई गई। घटना के दौरान एक भावुक नजारा भी देखने को मिला, जब मृत शावक के पास उसकी मां और अन्य शावक मौजूद थे। यह दृश्य वहां मौजूद लोगों को भावुक कर गया।
मौके पर हुआ पोस्टमार्टम
जबलपुर, मोतीनाला और बिछिया से पहुंचे पशु चिकित्सकों की टीम ने मौके पर ही शावक का पोस्टमार्टम किया। प्रारंभिक जांच में शावक के सभी आंतरिक अंग सुरक्षित पाए गए हैं, जिससे अधिकारियों ने मौत का कारण बीमारी या प्राकृतिक कारण माना है। डिप्टी डायरेक्टर अमिता केबी ने बताया कि शावक पहले से कमजोर था और पिछले दो दिनों से उसकी तलाश की जा रही थी।
भूख से भी जुड़ा मामला
पोस्टमार्टम में यह भी सामने आया कि शावक ने कई दिनों से भोजन नहीं किया था और उसका पेट खाली मिला। तय SOP का पालन करते हुए शावक का अंतिम संस्कार कर दिया गया। पूरी प्रक्रिया के दौरान अधिकारी, स्थानीय पंचायत प्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए पूरी कार्रवाई की फोटो और वीडियो रिकॉर्डिंग भी की गई। फिलहाल वन विभाग इस मामले की विस्तृत जांच में जुटा है।