मध्य प्रदेश के मंडला जिले के अंजनिया चौकी क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक का शव घर के सेप्टिक टैंक से 9 टुकड़ों में बरामद किया गया। मृतक की पहचान करियागांव निवासी आशीष साहू के रूप में हुई है, जो 11 अप्रैल से लापता था।
सेप्टिक टैंक से बरामद हुए शव के टुकड़े
परिजनों द्वारा 15 अप्रैल को गुमशुदगी दर्ज कराए जाने के बाद शुक्रवार को मामले ने भयावह मोड़ लिया, जब मृतक के पिता मुन्ना लाल साहू ने घर के सेप्टिक टैंक से तेज बदबू आने की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने टैंक खुलवाया, जहां कपड़ों में लिपटे शव के टुकड़े बरामद हुए। बाद में पिता ने शव की पहचान अपने बेटे आशीष के रूप में की। घटना की सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी शिवकुमार वर्मा मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की गई। एफएसएल टीम द्वारा साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
बड़े भाई पर शक, पूछताछ जारी
इस सनसनीखेज हत्याकांड में मृतक के बड़े भाई घनश्याम साहू पर संदेह जताया जा रहा है। पिता और स्थानीय ग्रामीणों ने भी उसी पर शक व्यक्त किया है। पुलिस फिलहाल घनश्याम से गहन पूछताछ कर रही है।
रंजिश की आशंका
स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों भाइयों के बीच संबंध ठीक नहीं थे। आशीष ने हाल ही में ट्रैक्टर खरीदा था और उससे अपना काम चला रहा था, जबकि घनश्याम मंडला की एक फैक्ट्री में कार्यरत है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी छोटे भाई से जलन रखता था और लंबे समय से हत्या की साजिश रच रहा था। बताया जा रहा है कि घटना के दिन घर में कोई नहीं था, तभी आरोपी ने सोते समय धारदार हथियार से आशीष की हत्या कर दी और सबूत छिपाने के लिए शव के 9 टुकड़े कर सेप्टिक टैंक में डाल दिए।
ये भी पढ़ें:
राजगढ़ में CMHO रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई; स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप
पुलिस जांच जारी
पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और हत्या के पीछे के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है। इस वारदात ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।