होली त्योहार को देखते हुए कान्हा टाइगर रिजर्व में प्रबंधन द्वारा विशेष गश्ती अभियान चलाया जा रहा था। इसके तहत 14 मार्च को खरगोश के मांस के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र संचालक कान्हा टाइगर रिजर्व रवींद्र मणि त्रिपाठी और उप संचालक बफर अमिथा केवी के मार्गदर्शन में आयोजित होली पर्व विशेष गश्ती अभियान के तहत 14 मार्च को प्रातः छह बजे वन परिक्षेत्र गढ़ी के बीट खिरसाडी के कक्ष क्रमांक 94 वन क्षेत्र में एक व्यक्ति को 10 मीटर तार के फंदे और एक मृत जंगली खरगोश के साथ गश्ती दल द्वारा पकड़ा गया।
उसके द्वारा बताया गया कि शाम को चार बजे के आसपास उसने जंगली जानवर के शिकार हेतु फंदे लगाए थे। ताकि कोई जानवर रात में फंसे तो सुबह आकर वह उसे ले जाकर पकाकर खाए। कान्हा टाइगर रिजर्व के अधिकारियों ने बताया कि तार फंदा, खूंटी एवं मृत जंगली खरगोश के शव को बरामद कर भोला प्रसाद को गिरफ्तार किया गया।
वन्य जीव अधिनियम 1972 के तहत प्राथिमिकी दर्ज कर प्रथम श्रेणी न्यायालय बैहर समक्ष में प्रस्तुत किया गया। न्यायाधीश द्वारा अपराधी को बैहर उप जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में गुरुदयाल साहू, परिक्षेत्र अधिकारी गढ़ी, सुशील अग्निहोत्री वनरक्षक, पंकज यादव वनरक्षक, सतीश सरौते वनरक्षक एवं स्टॉफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।