मालवा एक्सप्रेस में युवक की तबीयत बिगड़ गई।
सीहोर के कुबेरेश्वर धाम से दर्शन कर दिल्ली लौट रहे 24 वर्षीय युवक की मालवा एक्सप्रेस में अचानक तबीयत बिगड़ गई। युवक को तेज सीने में दर्द होने के साथ, उल्टियां हुईं और चक्कर आने लगे। हालत बिगड़ती देख परिजनों ने भोपाल के निशातपुरा के पास चेन पुलिंग कर ट्रेन रोकी। इसके बाद ट्रेन के गार्ड और सह-यात्रियों ने तत्परता दिखाते हुए युवक को ट्रेन से उतारकर ऑटो तक पहुंचाया और हमीदिया अस्पताल भिजवाया। युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
उत्तर प्रदेश के बस्ती निवासी गौरव (24) अपनी मां और बहन के साथ सीहोर स्थित कुबेरेश्वर धाम गए थे। दर्शन के बाद तीनों मालवा एक्सप्रेस से दिल्ली लौट रहे थे। ट्रेन के एस-6 कोच में सफर के दौरान गौरव को अचानक सीने में तेज दर्द हुआ। इसके बाद उन्हें उल्टियां होने लगीं और चक्कर आने लगे। कुछ ही देर में उनकी हालत गंभीर नजर आने लगी।
ये भी पढ़ें-
कटनी का अगला CSP कौन?: विवादों में बीता नेहा पच्चीसिया और ख्याति मिश्रा का कार्यकाल, अब ईमानदार अफसर की मांग
चेन पुलिंग के बाद गार्ड ने संभाला मोर्चा
गौरव की हालत बिगड़ती देख परिजनों ने निशातपुरा के पास चेन पुलिंग कर ट्रेन रोक दी। सूचना मिलते ही ट्रेन के गार्ड पीके सिंह ने परिजनों को मदद का भरोसा दिया। उन्होंने चार-पांच सह-यात्रियों की मदद से युवक को कोच से नीचे उतारा और मुख्य मार्ग तक पहुंचाया, जहां से उसे ऑटो के जरिए अस्पताल भेजा गया। गौरव को सुरक्षित अस्पताल रवाना किए जाने तक मालवा एक्सप्रेस करीब 30 मिनट तक निशातपुरा के पास रुकी रही। इसके बाद ट्रेन को रवाना किया गया। गौरव को हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है। समय पर मदद मिलने से युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया जा सका। गौरव के परिजनों ने मुश्किल समय में तत्परता दिखाने और मदद करने के लिए ट्रेन के गार्ड पीके सिंह तथा सह-यात्रियों का आभार जताया।