मध्यप्रदेश के मैहर जिले के अमरपाटन थाना क्षेत्र से एक युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पड़का औद्योगिक क्षेत्र में 23 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान मोहरिया लालन गांव निवासी राजभान कोल के रूप में हुई है, जो 3 अप्रैल की शाम से लापता था। परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे, तभी शनिवार सुबह उसका शव एक गड्ढे में मिला।
शराब पार्टी के बहाने बुलाया, फिर वारदात
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात राजभान को उसके कुछ परिचितों ने फोन कर शराब पीने के बहाने बुलाया था। आशंका है कि इसी दौरान उसके साथ विवाद हुआ और उसके साथ मारपीट की गई। बाद में आरोपियों ने उस पर गंभीर हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई।
गड्ढे में मिला शव, परिजनों ने दी सूचना
जब युवक रात भर घर नहीं लौटा तो परिजन खोजबीन में जुट गए। शनिवार सुबह पड़का औद्योगिक क्षेत्र स्थित संदीपनी स्कूल के पास एक गड्ढे में उसका शव मिला। इसके बाद तत्काल डायल 112 और पुलिस को सूचना दी गई।
ये भी पढ़ें- Narmadapuram: वन विभाग का बड़ा घोटाला, 116 सागौन पेड़ों की अवैध कटाई, अपने ही कर्मचारी निकले दोषी
पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विजय सिंह परस्ते और एसडीओपी ख्याति मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
जांच जारी
पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर आपसी रंजिश या विवाद की आशंका जताई जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा होने की उम्मीद है।
घटना स्थल पर मौजूद पुलिस टीम व स्थानीय लोग।