चलती बारात में जा घुसी अनियंत्रित पिकअप
- फोटो : अमर उजाला
जिले के महेश्वर से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जहां शादी की खुशियां अचानक चीख-पुकार में बदल गईं। बारात में नाचते-गाते लोगों के बीच तेज रफ्तार और अनियंत्रित पिकअप वाहन घुस गया, जिससे कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
शुक्रवार दोपहर महेश्वर तहसील के ग्राम गुर्जर मोहना के सजनीपुरा से निकली बारात बेड़ीपुरा की ओर जा रही थी। बारात में शामिल करीब 100 से 150 लोग डीजे की धुन पर नाचते हुए आगे बढ़ रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही एक पिकअप अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधे बारातियों पर चढ़ गई।
हादसे में 30 से ज्यादा लोग घायल हो गए, जिनमें महिलाएं और युवा भी शामिल हैं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और खुशी का माहौल मातम में बदल गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत महेश्वर और मंडलेश्वर के स्वास्थ्य केंद्रों में पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
ये भी पढ़ें: Bhind News: सिलाई सेंटर पर बैठी महिला को बाइक पर सवार बदमाश ने मारी गोली, हालत गंभीर; यहां किया गया रेफर
गंभीर रूप से घायल चार लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद खरगोन जिला अस्पताल रैफर किया गया। इलाज के दौरान गंभीर घायल रेखाबाई की मौत हो गई, जबकि अन्य घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया। एसडीएम पूर्व मंडलोई, तहसीलदार कैलाश सस्तिया और बीएमओ अतुल गौड़ सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं उपचार कार्यों की निगरानी की। इसी बीच क्षेत्रीय विधायक राजकुमार मेव भी अस्पताल पहुंचे और घायलों से मुलाकात कर उनके उपचार संबंधी निर्देश दिए। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और पिकअप चालक की तलाश की जा रही है।