मध्यप्रदेश के पन्ना राजघराने की महारानी जीतेश्वरी कुमारी को राजमाता दिलहर कुमारी व अन्य को जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सत्र अदालत ने उन्हें गुरुवार को जेल भेज दिया। महारानी के खिलाफ राजमाता ने शिकायत दर्ज कराई थी। संपत्ति को लेकर राजघराने में लंबे समय से विवाद चल रहा है।
जानकारी के अनुसार 19 जून को राजपरिवार के निवास स्थान राज मंदिर पैलेस में एक विवाद हुआ था। पुलिस के अनुसार जीतेश्वरी कुमारी और उनके पति राघवेंद्र सिंह समेत छह लोगों ने पैलेस में राजमाता दिलहर कुमारी के क्षेत्र में आकर उनके साथ अभद्रता की थी। इस दौरान उन्होंने अपशब्द कहते हुए जान से मारने की धमकी दी थी।
पन्ना के पुलिस निरीक्षक अरुण सोनी ने बताया कि दिलहर कुमारी ने इस घटना की शिकायत थाने में दर्ज कराई थी। जिसके आधार पर आर्म्स एक्ट व धमकाने के आरोप में छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। बुधवार देर रात मुख्य आरोपी जीतेश्वरी कुमारी को गिरफ्तार किया गया। उनके पति अभी दिल्ली में इलाज करा रहे हैं।
सोनी ने कहा कि राजमाता ने 19 जून को एक शिकायती पत्र दिया था। इसमें आरोप लगाया गया है कि 19 जून की रात महारानी जीतेश्वरी ने अपने लोगों के साथ महल में मेरे पक्ष के कुछ लोगों पर हमला किया और गाली-गलौज करने के साथ मारपीट की। महारानी ने अपने लोगों के साथ मेरे पक्ष के लोगों को कट्टा दिखाकर धमकी भी दी थी।
महारानी ने लगाया साजिश रचने का आरोप
वहीं, गिरफ्तारी के बाद जीतेश्वरी कुमारी ने साजिश का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यह झूठा मामला है और महाराज की बीमारी का फायदा उठाते हुए हमें फंसाने के लिए ऐसा किया गया है। बता दें कि अकूत संपत्ति और बहुमूल्य हीरों को लेकर पन्ना राजघराने की महारानी और राजमाता के बीच करीब 20 साल से विवाद चल रहा है।