जीडीसीए उपाध्यक्ष का पदभार ग्रहण करने पहुंचे महाआर्यमन सिंधिया ने मीडिया से भी बातचीत की।
- फोटो : अमर उजाला
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के बेटे महा आर्यमन सिंधिया जीडीसीए उपाध्यक्ष बनने के बाद पहली बार कैप्टन रूप सिंह स्टेडियम पहुंचे। जहां उन्होंने पद ग्रहण करने के बाद पहली बार जीडीसीए के अन्य पदाधिकारियों के साथ औपचारिक मुलाकात की है। इसके साथ ही आर्यमन सिंधिया ने कैप्टन रूप सिंह स्टेडियम में जूनियर खिलाड़ियों से मुलाकात की।
मीडिया से बात करते हुए सिंधिया ने कहा कि ग्वालियर अंचल से बेहतर खेल प्रतिभाओं को निकालना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। इसके साथ ही महाआर्यमन सिंधिया ने कहा कि अब ग्रामीण स्तर में प्रतिभा खिलाड़ियों को भी बाहर निकाला जाएगा ताकि उनकी प्रतिभा सबके सामने आ सके।
खेलों के जरिए राजनीति में आने के सवाल पर महाआर्यमन सिंधिया ने कहा कि मैं खेल प्रेमी हूं और उसी उद्देश्य से एसोसिएशन का हिस्सा बना हूं। इसे राजनीति से न जोड़ा जाए। क्योंकि मैं युवा हूं और युवाओं की भविष्य को देखते हुए मैं क्रिकेट में आया हूं। क्रिकेट मेरी पहली पसंद है इसलिए में क्रिकेट को मध्य प्रदेश में सबसे आगे ले जाऊंगा।
आईपीएल में एमपी की टीम होने के सवाल पर महाआर्यमन ने कहा कि उनकी भी इच्छा है एमपी ही नहीं बल्कि ग्वालियर की अपनी आईपीएल टीम हो। लेकिन उसे तैयार करने में अभी समय लगेगा। क्योंकि यह काम हम जल्दी नहीं कर सकते, लेकिन भविष्य में हमें उम्मीद है कि मध्य प्रदेश की एक टीम आईपीएल में खेलेगी। नए स्टेडियम निर्माण के बाद साल 2023 में अंतरराष्ट्रीय मैच ग्वालियर में लाना उनकी पहली प्राथमिकता होगी।