विवाद के दौरान महिला पर चप्पल तान दी गई।
- फोटो : सोशल मीडिया
मध्यप्रदेश के देवास जिले में कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के चलते देवास प्रशासन सख्ती कर रहा है। मास्क न पहनने वालों को समझाइश दी जा रही है। मंगलवार को दुपहिया वाहन से बिना मास्क लगाए जा रही एक महिला को पुलिस ने रोका तो महिला सख्ती पर सवाल करने लगी। झूमाझटकी तक बात पहुंच गई, जिसमें एक महिला पुलिसकर्मी गिर गई। बाद में प्रशासन के साथ ड्यूटी दे रही महिला कर्मी ने चप्पल उतार ली, जिससे मामला और गर्मा गया। घटना का वीडियो भी वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार को पुलिस और प्रशासन के लोग मास्क नहीं लगाने वालों को समझाइश दे रहे थे। तभी एक महिला, जिसका नाम जागृति बताया गया, दोपहिया वाहन से निकल रही थी। मास्क नहीं पहनने के कारण पुलिस ने उसे रोक लिया। मास्क पहनने को लेकर समझाइश देने लगे तो महिला बिगड़ गई। उसने कहा कि आप लोग ऐनवक्त पर ही क्यों जागते हो। शुरुआत में सख्ती क्यों नहीं करते।
एसडीएम ने थाने ले जाने का कहा तो और भड़क गई महिला
महिला ने एसडीएम प्रदीप सोनी और सीएसपी विवेकसिंह चौहान से बहस शुरू कर दी। महिला बार-बार कहती रही कि सख्ती का ये तरीका गलत है। इस पर एसडीएम ने कहा कि महिला को थाने ले जाएं। इस पर महिला भड़क गई और कहने लगी कि ऐसा कौन सा अपराध कर दिया है जो थाने ले जाओगे। एक महिला पुलिसकर्मी ने उसे पकड़ा तो दोनों के बीच झूमाझटकी हुई, जिसमें महिला पुलिसकर्मी नीचे गिर गई। बाद में पुलिस-प्रशासन के साथ ड्यूटी दे रही एक अन्य महिलाकर्मी ने बहस कर रही महिला पर चप्पल तान दी। बाद में उसके खिलाफ केस दर्ज किया। घटना का वीडियो वायरल हो रहा है।