मध्य प्रदेश में एक-दो दिन बाद कड़ाके की सर्दी पड़ने का अनुमान लगाया जा रहा है। उत्तर भारत के पहाड़ी राज्य में बर्फबारी की वजह से शीतलहर चलने लगी है। मौसम विभाग के पूर्वनुमान के अनुसार पूरा उत्तर भारत गंभीर शीतलहर की चपेट में आ जाएगा। इसका सीधा असर मध्य प्रदेश पर भी रहेगा। प्रदेश की राजधानी भोपाल कई जिलों में न्यूनतम तापमान नीचे जा सकता है।
पहाड़ी राज्यों में शीतलहर का असर प्रदेश में भी दिख रहा है। ठंडी हवाएं चल रही हैं। न्यूनतम तापमान भी गिरा है। मौसम विभाग की वेबसाइट के अनुसार उमरिया का रात का तापमान सबसे कम दर्ज किया गया। यहां का न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री नोट किया गया। वहीं होशंगाबाद सबसे गर्म रहा। यहां का न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री रहा। प्रदेश के प्रमुख शहरों की बात करें तो इंदौर में ठंड बढ़ी है, यहां का न्यूनतम तापमान 14.1 रहा, जो गुरुवार के तापमान से 1.9 डिग्री कम था। भोपाल (14), जबलपुर (14.1), ग्वालियर (10.4) में न्यूनतम तापमान में ज्यादा परिवर्तन नहीं रहा। प्रदेश के उमरिया (9.4), सिवनी (9.6) और मंडला (9.7) में रात का पारा 10 डिग्री से कम रहा।
मौसम वैज्ञानिक से प्राप्त जानकारी के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म हो जाएगा। इस वजह से अब तापमान में गिरावट आएगी। अगले दो दिन में मौसम का मिजाज बदलेगा और ठंड बढ़ जाएगी।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के सभी जिलों में शुष्क मौसम रहेगा। वहीं, ग्वालियर और चंबल संभाग के जिलों के साथ-साथ छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी और रीवा जिले में हल्के से मध्यम कोहरा रहा है। मौसम विभाग ने कहा है कि 18 और 19 दिसंबर तक न्यूनतम तापमानों में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट की संभावना है।