मध्यप्रदेश से इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। वहां कोई तीन बच्चों की बॉडी एक मंदिर परिसर के बाहर प्लास्टिक की थैली में फेंककर चला गया। इसमें दो बच्चियां भी शामिल थीं। यह घटना बुंदेलखंड के सागर जिले की है।
रविवार की दोपहर को कुछ कूड़ा बीनने वाले पहलवान बाबा मंदिर परिसर से कूड़ा बीन रहे थे। उन्हें वहां प्लास्टिक की एक थैली मिली। उन्होंने थैली को उठाया तो वह भारी लगी। उसे खोलकर देखा तो वे लोग हैरान रह गए। उसके अंदर बच्चों के शव थे।
हिंदुस्तान टाइम्स की खबर के मुताबिक, पुलिस ने जानकारी दी कि बॉडी मिलने के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल था। वहां से ही किसी ने फोन पर पुलिस को जानकारी दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि चींटियां और कीड़े बच्चों की बॉडी पर रेंग रहे थे।
यह भी पढ़ें: प्राइवेट नर्सिंग होम का करानामा, मृत बच्चे को जिंदा दिखाकर कर दिया रेफर
पुलिस ने तीनों शवों को पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया ताकि मौत की असल वजह का पता लग सके। पुलिस जानना चाहती है कि बच्चों की मौत अपने आप हुई थी या फिर उनको किसी ने मारा था।
पुलिस ने आसपास के नर्सिंग होम्स में भी पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल पोस्ट मार्टम की रिपोर्ट का इंतजार है।