कमलनाथ ने आज के ही दिन मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया था
- फोटो : Amar Ujala Graphics
मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी कमलनाथ के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफे की तारीख 20 मार्च 2020 यानी आज रविवार को लोकतंत्र सम्मान दिवस के रूप में मनाएंगी। प्रदेश में तिरंगा यात्रा समेत कई आयोजन होंगे।
कांग्रेस प्रवक्ता नरेन्द्र सलूजा ने कहा कि आज ही के दिन भाजपा ने सौदेबाजी से जनता की चुनी हुई सरकार को गिराकर लोकतंत्र की हत्या की थी। प्रदेश की राजनीति को देश भर में कलंकित करने का काम किया था। मतदाता के फैसले को धनबल से पलटने का काम किया। लोकतंत्र की हत्या की। कमलनाथ जी चाहते तो वो भी सौदेबाजी से अपनी सरकार बचा सकते थे, लेकिन वो इस तरह की राजनीति कर, भाजपा की तरह प्रदेश की राजनीति को कलंकित नहीं करना चाहते थे। उन्होंने लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान किया। उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस लोकतंत्र सम्मान दिवस मनाएंगी। लोकतंत्र का व जनमत का सम्मान हेशा बने रहे, यह हमारा संकल्प हैं।
इससे पहले कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं संगठन प्रभारी चन्द्रप्रभाष शेखर ने “लोकतंत्र सम्मान दिवस” मनाने का ऐलान करते हुए बताया कि कमलनाथ द्वारा खरीद-फरोख्त की राजनीति को ठुकराते हुए मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने की तारीख “20 मार्च” को हम प्रतिवर्ष “लोकतंत्र सम्मान दिवस” के रूप में मनाएंगे। इस दिन सभी जिला मुख्यालय में तिरंगा यात्रा का आयोजन, संविधान की प्रस्तावना का वाचन एवं वितरण, गांधी जी एवं अम्बेडकर जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण और सभी कांग्रेस कार्यालयों में कमलनाथ जी के वीडियो सन्देश का प्रदर्शन व प्रसारण किया जाएगा।