सीएम शिवराज सिंह चौहान (फाइल फोटो)
- फोटो : सोशल मीडिया
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पर अपमानजनक टिप्पणी करने के मुद्दे पर कांग्रेस घिरती नजर आ रही है। भले ही कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने माफी मांग ली हो, भाजपा हमलावर हो गई है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को इस मसले पर कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश कांग्रेस और अधीर रंजन चौधरी को कभी माफ नहीं करेगा।
दरअसल, कांग्रेस नेता ने राष्ट्रपति के लिए आपत्तिजनक और अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया था। इसे लेकर भाजपा ने गुरुवार को पूरे देश में प्रदर्शन किया। इस दौरान शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि राष्ट्रपति का पद देश का सर्वोच्च पद है। राष्ट्रपति किसी दल का नहीं होता, राष्ट्रपति पूरे देश का होता है। कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी ने जिस निकृष्ट मानसिकता व घटियापन का परिचय दिया है, वह अक्षम्य है। उन्होंने भारत के राष्ट्रपति का अपमान किया है।
जनजातीय बहनों का अपमान है
शिवराज ने कहा कि एक महिला जो आदिवासी समाज से आती है। वह देश के सर्वोच्च राष्ट्रपति पद पर बैठी हैं। यह सर्वोच्च पद पर बैठी हुई एक बहन का अपमान है। यह नारी शक्ति का अपमान है। यह हमारे जनजातीय आदिवासी बहनों का अपमान है। देश कभी माफ नहीं करेगा। कांग्रेस की मानसिकता ही आदिवासी विरोधी, महिला विरोधी है। मैं सोनिया गांधी से पूछना चाहता हूं कि क्या वे अधीर रंजन चौधरी के बयान से सहमत हैं? सोनिया गांधी जवाब दें कि क्या राष्ट्रपति पद पर बैठी हुई एक ऐसी हस्ती जिनका सारा देश सम्मान करता है, उन्हें ऐसे शब्दों से संबोधित किया जाना चाहिए? देश, इस कृत्य के लिए अधीर रंजन चौधरी और कांग्रेस को कभी माफ नहीं करेगा।