कैनो स्लैलम के खिलाड़ी विशाल वर्मा और भूमि बघेल अपने गोल्ड मेडल दिखाते हुए
- फोटो : अमर उजाला
पवित्र एवं पर्यटन नगरी महेश्वर के सहस्त्रधारा ट्रैक पर खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2023 के तहत दो दिवसीय चल रही के कैनो स्लैलम प्रतियोगिता का गरिमामय वातावरण में समापन हुआ। दो दिवसीय खेलो इंडिया यूथ गेम्स के अंतर्गत दूसरे दिन महिलाओं की के1 और पुरुषों की सी1 प्रतियोगिता आयोजित हुई। इसमें मध्य प्रदेश के सीहोर से विशाल वर्मा और मध्य प्रदेश अकादमी से भूमि बघेल दोनों ने गोल्ड मेडल जीता।
महिला वर्ग के1 की खिलाड़ी अपने मेडल दिखाते हुए
- फोटो : अमर उजाला
इन खिलाड़ियों ने दूसरे दिन जीते मेडल
प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग के सीहोर से विशाल वर्मा ने गोल्ड, कर्नाटक से कृथीका एस ने सिल्वर मेडल, आंध्र प्रदेश के वेमुला अच्युत कुमार ने ब्रांज मेडल जीता। महिला वर्ग में के1 मध्य प्रदेश अकादमी से भूमि बघेल ने गोल्ड मेडल, आंध्र प्रदेश से नगीदी गायत्री ने सिल्वर मेडल और महाराष्ट्र से जाह्नवी रायकवाड़ ने ब्रांज मेडल जीता।
सोमवार को हुई प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश ने दो गोल्ड मेडल जीतकर खेलो इंडिया गेम्स में मध्य प्रदेश का नाम रोशन किया है। इस प्रकार दो दिनों तक चले खेलो इंडिया यूथ गेम्स में मध्य प्रदेश ने चार स्वर्ण पदक जीत कर प्रदेश का नाम रोशन किया है।
मेडल पाने के बाद पोज देते पुरुष वर्ग सी1 के खिलाड़ी
- फोटो : अमर उजाला
'सहस्त्रधारा ट्रैक को नेशनल स्तर की सुविधाएं प्रदान की जाएंगी'
मंच से प्रभारी मंत्री कमल पटेल ने सभी खिलाड़ियों और कोच से परिचय प्राप्त किया। समाजसेवी गजराज यादव, नगर भाजपा मंडल अध्यक्ष विक्रम पटेल सहित अन्य लोगों ने प्रभारी मंत्री का फूलों का गुलदस्ता देकर स्वागत किया। इसी दौरान विजेता खिलाड़ियों को मेडल देकर सम्मानित किया गया।
पटेल ने मंच से बताया कि सहस्त्रधारा एक प्राकृतिक ट्रैक है। इसे जल्दी ही नेशनल स्तर की सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। साथ ही उन्होंने मंडी निधि से एप्रोच रोड स्वीकृत कर जल्द ही डीपीआर बनाने की बात कही।
खिलाड़ियों ने एक दूसरे को गले लगकर दी बधाई
खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2023 के समापन के बाद सभी खिलाड़ियों ने एक दूसरे को गले लगाकर बधाइयां दी। सुरक्षा की दृष्टि से खेल प्रेमियों को ट्रैक स्थल तक नहीं जाने दिया गया। वहीं, खेल प्रेमियों की सुविधा के लिए नगर के गांधी चौक और कसरावद में भी मुख्य चौराहे पर एलईडी स्क्रीन लगाकर कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया जिसे कई लोगों ने देखा।