रागेश्वरी आनंद ने राष्ट्रीय युवा संसद 2022 में पाया पहला स्थान।
- फोटो : अमर उजाला
मध्य प्रदेश के भोपाल की रहने वाली रागेश्वरी अंजना ने तीसरी राष्ट्रीय युवा संसद में पहला स्थान हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। लोकसभा स्पीकर बिरला ने लिखा कि देशभक्ति के सूक्ष्म अर्थ को रेखांकित करते हुए भोपाल की रागेश्वरी अंजना ने युवा शक्ति को राष्ट्र निर्माण का एक महत्वपूर्ण स्तंभ बताया। मैं उन्हें राष्ट्रीय युवा संसद-2022 में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर बधाई देता हूं।
वहीं, सीएम शिवराज सिंह चौहान ने भी उन्हें ट्वीट कर बधाई दी। सीएम ने लिखा कि हमारे भोपाल की रागेश्वरी के शब्दों में गूंज है समृद्ध विरासत व संस्कृति की, उसमें झलकता है देशभक्ति का उल्लास। उनमें निहित है राष्ट्र के स्वर्णिम भविष्य का विश्वास और इसके विकास के लिए प्रयास का भाव। "देश प्रेम की धधकती ज्वाला ही राष्ट्र निर्माण की ओर हमें अग्रसर करती है" बेटी रागेश्वरी के युवा संसद में प्रकट विचार आश्वस्त करते हैं कि हमारी युवा शक्ति सशक्त राष्ट्र के निर्माण में कदम से कदम मिलाकर साथ चल रही है। राष्ट्रीय युवा संसद में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर बधाई एवं शुभाशीष। बेटी रागेश्वरी के ये विचार हमें आश्वस्त करते हैं कि हमारा भविष्य सुरक्षित हाथों में है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के द्वारा मध्य प्रदेश की बेटी के भावों का सम्मान देशप्रेम की भावना को युवाओं में और गहन करेगा। राष्ट्र निर्माण में सशक्त भूमिका हेतु प्रेरित करेगा।

राष्ट्रीय युवा संसद में रागेश्वरी ने राष्ट्र निर्माण में देश भक्ति की भावना के महत्व विषय पर अपने विचार रखे। रागेश्वरी भोपाल के बीयूआईटी भोपाल की छात्रा हैं, वे एनएसएस कैडेट कोर की सदस्य भी हैं।