देश के हृदयप्रदेश में मानसून पूर्व की गतिविधियां जारी हैं। इंदौर समेत कुछ शहरों में अमूमन रोज बारिश हो रही है। बृहस्पतिवार दोपहर में भी आंधी के साथ तेज बारिश हुई। शहर में मानसून पूर्व ही डेढ़ इंच से ज्यादा बारिश हो चुकी है। छिंदवाड़ा में भी तेज बारिश हुई।
इंदौर में बृहस्पतिवार को ओले और तेज आंधी के साथ बारिश हुई। इससे 20 से ज्यादा पेड़ धराशायी हो गए। तेज वर्षा के कारण कई सड़कों पर पानी भर गया। शहर की मुख्य सड़क बीआरटीएस पर कहीं-कहीं दो फीट तक पानी भर गया।
दोनों ओर से मिल रही है नमी
मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी और अरब सागर तरफ से नमी मिलने की वजह से मध्यप्रदेश के कुछ हिस्से, खासकर पश्चिम में बादल बरस रहे हैं। नौतपे से ही शहर में मानसून पूर्व की बारिश का सिलसिला शुरू हो गया था। हालांकि राज्य में मानसून 13 जून तक पहुंचने की उम्मीद है। बीते 10 सालों में पहली बार इंदौर में नौतपे के दौरान तापमान सामान्य से कम रहा। इस दौरान तीन दिन अधिकतम तापमान औसत से 3 डिग्री तक कम होकर 36 डिग्री रहा, जबकि पांच दिन 39 डिग्री रहा।