मध्यप्रदेश पुलिस के विशेष सशस्त्र बल के जवान ने मंगेतर के शादी से इनकार करने पर उसके भाई की गोली मारकर हत्या कर दी। गोलीबारी में युवती की मां भी घायल हुई है, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने बुधवार को बताया, आरोपी अजीत सिंह चौहान (28) ने साबजी फार्म इलाके में मंगेतर के घर पर उसके परिवारवालों पर अपनी सर्विस राइफल से गोली चला दी।
भोपाल में मंगलवार रात हुई घटना, विशेष सशस्त्र बल की सातवीं बटालियन में तैनात है आरोपी
यह घटना मंगलवार रात करीब 11.30 बजे हुई। आरोपी ने मंगेतर के भाई रितेश धाकड़ (21) के पेट में गोली मारी, जबकि उसकी मां पर भी गोली चलाई। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां बुधवार सुबह रितेश ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं उसकी मां की हालत गंभीर बनी हुई है।
अजीत विशेष सशस्त्र बल की सातवीं बटालियन में जवान है और भोपाल में तैनात है। उसकी पिछले साल अक्तूबर में निजी बैंक में काम करने वाली युवती से सगाई हुई थी। पुलिस के मुताबिक, अजीत को मंगेतर के नौकरी करने पर आपत्ति उठाता था। इसको लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ और युवती ने शादी से इनकार कर दिया। अजीत को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की जांच की जा रही है।