मध्य प्रदेश-महाराष्ट्र सीमा पर बड़ी बिजासन घाट पर एक तेल टैंकर के पलटने से एक दंपति और उनकी दो नाबालिग बेटियों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि इस हादसे में तीन अन्य लोग घायल हो गए। जिला पुलिस अधीक्षक (एसपी) डीआर तनिवर ने कहा कि दंपति की दो और बेटियों और लॉरी चालक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बड़वानी जिले के सेंधवा थाना क्षेत्र के तहत मुंबई-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग-3 पर यह दुर्घटना हुई। इस हादसे में 32 साल के कमल और उनकी पत्नी नोरजा (30) समेत उनकी तीन और पांच साल की दो बेटियों की भी मौके पर ही मौत हो गई।
उन्होंने कहा कि तमिलनाडु से होते हुए तेल टैंकर मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में जा रहा था। इस दौरान यह ट्रक पलट गया और जिला मुख्यालय से लगभग 80 किलोमीटर दूर राजमार्ग पर मोटरसाइकिल से टकरा गया।
एसपी ने कहा कि अब तक हुई जांच में पता चला है कि चालक ने गाड़ी का नियंत्रण खो दिया था, जिसके कारण तेल टैंकर पलट गया। अधिकारी ने कहा कि मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस इस मामले की आगे की जांच कर रही है।