IAS नियाज का बालीवुड खान्स पर बोला हमला
- फोटो : अमर उजाला
मध्य प्रदेश के IAS अफसर नियाज खान ने अब बॉलीवुड के सुपरस्टार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि शाहरुख, आमिर और सलमान खान सिर्फ पर्दे के हीरो हैं। सुपरस्टार तो नाना पाटेकर और सोनू सूद हैं, जो चैरिटी के काम कर रहे हैं। यह वही नियाज खान हैं, जो द कश्मीर फाइल्स को लेकर मुसलमानों की हत्याओं पर फिल्म बनाने की मांग को लेकर सुर्खियों में आए हैं।
आईएएस अफसर नियाज खान ने ट्वीट कर कहा कि मेरे पठान समुदाय के बॉलीवुड सुपरस्टार केवल स्क्रीन पर हीरो हैं, व्यक्तिगत रूप से नहीं। पैसा ही उनकी प्रेरणा है। मेरे हीरो तो सोनू सूद, नाना पाटेकर हैं। मुझे फिल्मी पर्दे पर नकली हीरो नहीं, असली हीरो पसंद हैं। बहादुर बनो और सोनू सूद की तरह चैरिटी का काम करो। एक अन्य ट्वीट में नियाज ने कहा कि आमिर खान ने सभी को फिल्म देखने की सलाह दी, लेकिन उन्होंने विवेक अग्निहोत्री से कश्मीरी पंडितों पर पैसा खर्च करने का अनुरोध नहीं किया। शायद वह अपने ही करियर से डरता है। पठान होते हुए भी हम उनकी आंखों में गहरा भय देख सकते हैं। नियाज ने आमिर खान को बहादुर बनकर दंगल में कमाए पैसों को कश्मीरी पंडितों पर खर्च करने की अपील की है।