डॉ. नरोत्तम मिश्रा पत्रकारों से चर्चा करते हुए।
- फोटो : सोशल मीडिया
मध्य प्रदेश के गृह मंत्री और राज्य सरकार के प्रवक्ता डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने अमेजन और फ्लिपकार्ट जैसे ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म को चेतावनी जारी की है। डॉ. मिश्रा ने कहा कि ये प्लेटफॉर्म नशीली दवाओं और हथियारों को अपनी स्क्रीन से हटा लें। अगर ऐसा नहीं किया तो हम कार्रवाई करेंगे।
दरअसल, जबलपुर से पिछले दिनों खबर आई थी कि पुलिस ने फ्लिपकार्ट से चाकू की ऑनलाइन बिक्री पर रोक लगाई है। इससे जुड़े प्रश्न पर डॉ. मिश्रा ने कहा कि हमने जबलपुर में फ्लिपकार्ट को लिखित आदेश भेजा है। उनसे कहा है कि हथियारों को अपनी स्क्रीन से हटा लें। उम्मीद है कि उन्होंने हटा ली होगी। हम अमेजन और फ्लिपकार्ट जैसे सभी ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म से आग्रह करते हैं कि प्रदेश में कहीं भी नशीली दवाओं और हथियारों की बिक्री न करें। अगर वे नहीं सुनेंगे तो हम कार्रवाई करेंगे।
जबलपुर में पुलिस ने जब्त किए 59% चाकू
पुलिस ने फ्लिपकार्ट पर जबलपुर में सप्लाई किए चाकू में 59% जब्त कर लिए हैं। विभिन्न थाना क्षेत्रों में 2,358 चाकू खरीदे गए थे। इनमें से 1,408 चाकू जब्त कर लिए गए हैं। यह खरीदी तो सिर्फ फ्लिपकार्ट से थी। अन्य प्लेटफॉर्म से भी हथियारों की खरीद-फरोख्त होने की आशंका पुलिस को है। पुलिस की जानकारी के मुताबिक चाकू खरदीने वालों में बड़ी संख्या में महिलाएं भी हैं। उन्होंने आत्मरक्षा के लिए हथियार खरीदने की बात कही है। जिले में चाकूबाजी की बढ़ती घटनाओं को ध्यान में रखकर पुलिस ने यह कदम उठाया है।