कमलनाथ और नरोत्तम मिश्रा। (फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला
मध्य प्रदेश के गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ को चुनौती दी है। मिश्रा ने कहा कि यदि कमलनाथ वाकई में जमीन से जुड़ना चाहते हैं और इसके लिए भिंड जा रहे हैं तो वहां लहार के विधायक गोविंद सिंह को नेता प्रतिपक्ष घोषित करें। खुद दो पद लिए हुए हैं।
कमलनाथ को इस बात को लेकर लंबे अरसे से निशाने पर लिया जा रहा है कि वे दो पद संभाल रहे हैं। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष का पद उनके पास ही है। इसे लेकर भाजपा हमलावर होती आई है। प्रदेश कांग्रेस ने जमीनी स्तर पर गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में कमलनाथ भिंड जा रहे हैं। इससे जुड़े सवाल पर गृह मंत्री ने कहा कि अगर वाकई में कमलनाथ जी जमीन से जुड़ना चाहते हैं तो भिंड में इसकी मिसाल पेश करें। लहार के विधायक और हमारे मित्र गोविंद सिंह को नेता प्रतिपक्ष घोषित करें। तब तो यह दौरा सार्थक होगा, वरना यह तो हवाई दौरे हैं। कोई फर्क नहीं पड़ने वाला।
सेंट्रल जेल का दौरा किया
डॉ. मिश्रा ने मंगलवार को भोपाल में सेंट्रल जेल का दौरा किया था। इससे जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि सोमवार को हमने जेल विभाग की समीक्षा की थी। कई निर्देश दिए गए थे। उनका पालन हो रहा है या नहीं, यह देखने के लिए हम सेंट्रल जेल गए थे। मैं, डीजी जेल, एसीएस होम, एडीजी जैसे अधिकारी जेल पहुंचे थे। भोपाल सेंट्रल जेल में बंद अहमदाबाद ब्लास्ट से जुड़े आतंकियों की सुरक्षा को लेकर मंगलवार को गृह और जेल विभाग के उच्च अधिकारियों के साथ सेंट्रल जेल की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। सरकार इस पूरे मामले पर गंभीर और पूरी तरह सजग है। वहां हमने व्यवस्थाओं को बारीकी से देखा। तारों के अंदर करंट वाली फेंसिंग ठीक से काम कर रही है या नहीं? 104 सीसीटीवी कैमरे ठीक से काम कर रहे हैं या नहीं? टॉवर से वॉचिंग हो रही है या नहीं? इन सवालों के जवाब तलाशने गए थे। हमने देखा कि सब सही तरीके से चल रहा है।