एमपी कोरोना मामले: इंदौर में 32 नए केस मिले हैं।
- फोटो : अमर उजाला
मध्य प्रदेश में कोरोना केस में निरंतर वृद्धि हो रही है। मंगलवार को 48 नए केस मिले हैं। तीन महीनों में पहली बार एक दिन में सबसे अधिक पॉजिटिव केस मिले हैं। इंदौर में सबसे अधिक 32 केस मिले हैं। इससे लंबे अरसे बाद प्रदेश में एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 300 के पार पहुंच गई है।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक मंगलवार को इंदौर में सबसे अधिक 32 केस मिले। वहीं, भोपाल में 6, जबलपुर, उज्जैन और झाबुआ में 2-2 और रतलाम, नरसिंहपुर, ग्वालियर, खरगोन और रतलाम में 1-1 केस मिले हैं। इसके साथ ही एक्टिव केस 285 से बढ़कर 307 हो गए हैं। सितंबर के बाद यह पहला मौका है, जब एक्टिव केस बढ़कर 300 पार हुए हैं। राहत की बात यह है कि बीते 24 घंटे में मध्य प्रदेश में एक भी मौत दर्ज नहीं की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 48 नए संक्रमितों से 37 को दोनों डोज लगे है। इसमें इंदौर के 28, भोपाल, झाबुआ, उज्जैन के 2-2 और जबलपुर, ग्वालियर और खरगौन का 1-1 मरीज फुली वैक्सीनेटेड है।
भोपाल में दुबई से लौटा व्यक्ति संक्रमित
भोपाल में दुबई से लौटा एक शख्स संक्रमित मिला है। उसका होम आइसोलेशन में उपचार चल रहा है।
इंदौर-भोपाल में 77% एक्टिव केस
प्रदेश में 307 एक्टिव केस हैं। इनमें से 167 एक्टिव केस इंदौर में हैं और 72 केस भोपाल में हैं। 307 में से 239 केस इन दो शहरों में है। यानी प्रदेश के कुल केस का 77% इन शहरों में है। इंदौर में दो दिन पहले ओमिक्रॉन के नौ मरीजों की पुष्टि हुई थी। उसके बाद से शहर में कोरोना के केस में लगातार बढ़ोतरी हो रही है।