मध्यप्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने शुक्रवार को ग्वालियर के आयुक्त कार्यालय के शौचालयों की खुद सफाई की। तोमर जब आयुक्त कार्यालय से निकले तो एक महिला कर्मचारी ने वहां बने सार्वजनिक शौचालय के गंदे होने की बात कही। यह सुन कर तोमर स्वयं ही वहां रखे ब्रश और झाड़ू लेकर उसकी सफाई में जुट गए।
तोमर ने नगर निगम से सफाई का सामान भी मंगा लिया और सभी शौचालयों की सफाई की। उन्होंने वहां के अधिकारियों से कहा कि वे यहां की सफाई की लगातार निगरानी रखें, जिससे खासतौर से महिला कर्मचारियों को परेशानी न हो।
इस बारे में पूछे जाने पर तोमर ने बताया, ‘मैं शुक्रवार को संभागीय कमिश्नर दफ्तर मोतीमहल परिसर से निकला। वहां पर एक महिला कर्मचारी ने बातचीत के दौरान दफ्तर परिसर में बने सार्वजनिक शौचालय के गंदा होने की बात कही।’
उन्होंने कहा, ‘यह सुनकर मैं स्वयं ही शौचालय पहुंच गया। मैंने वहां रखे ब्रश और झाड़ू से खुद ही शौचालयों को साफ करने लगा। बाद में नगर निगम के कर्मचारी भी वहां सफाई का सामान लेकर पहुंचे और उनके साथ सफाई करने लगे।’
तोमर ने कहा, ‘महिला कर्मचारियों को शौचालय गंदा होने से परेशानी होती है, इसलिए मैंने यह सफाई की है।’ उन्होंने कहा कि सफाई के लिए हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान लगातार प्रयास करते हैं।
तोमर ने कहा कि कार्यालयों में सफाई रहनी चाहिए। इस सफाई की शुरुआत घर से होगी और मोहल्ला और प्रदेश व देश साफ होगा। उन्होंने मोतीमहल स्थित वरिष्ठ अधिकारियों से कहा है कि वे कार्यालय के शौचालय में सफाई की लगातार निगरानी रखें और जो कर्मचारी काम नहीं करें, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए।