मध्यप्रदेश में सहकारिता एवं लोक सेवा प्रबंधन मंत्री अरविंद भदौरिया ने कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं। भदौरिया ने एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि दिग्विजय ने उन्हें खरीदने की कोशिश की थी। भदौरिया इस समय भिंड जिले का दौरा कर रहे हैं। यहां एक सभा में कमलनाथ सरकार के गिरने की कहानी सुनाते हुए यह आरोप लगाया।
भदौरिया ने कहा, मैंने उनसे कहा कि मैं चंबल से आता हूं। चंबल का आदमी प्रेम से बात करता है गुंडागर्दी से नहीं। इसके बाद दिग्विजय ने मुझे खरीदने की कोशिश की। मैंने कहा कि तुम्हारे बाप भी मुझे खरीद नहीं पाएंगे। भदौरिया ने आरोप लगाया कि इसके बाद उनके भाई को पुलिस थाने बुलवाया गया, घर पर पुलिस भेजी गई, फिर भी कांग्रेस राज्य में सरकार नहीं बचा पाई।
कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए ज्योतिरादित्य सिंधिया को लेकर भदौरिया ने कहा कि कांग्रेस को 60 फीसदी लोगों ने सिंधिया के नाम पर वोट दिया था, कमलनाथ के चेहरे पर कांग्रेस को महज सात फीसदी वोट मिले थे। लेकिन जब कांग्रेस की सरकार बनी तो जीत के प्रमुख कारण ज्योतिरादित्य सिंधिया को ही दरकिनार कर गिया गया।
भदौरिया के इस बयान पर कांग्रेस के ग्वालियर-चंबल संभाग के मीडिया प्रभारी केके मिश्रा ने कहा है कि भदौरिया ने अपने पद की गरिमा का भी ध्यान नहीं रथा। जिस तरह की भाषा का उन्होंने इस्तेमाल किया है उससे उनके संस्कार सार्वजनिक हुए हैं। कांग्रेस इसके लिए उनका आभार व्यक्त करती है।