राज्य में हनी ट्रैप रैकेट के खुलासे के पीछे नौ महीने पुरानी कांग्रेस सरकार को अस्थिर करने की साजिश की अफवाहों के बीच एक कांग्रेसी विधायक के बिगड़े बोल सामने आए हैं। रविवार को कांग्रेसी विधायक लक्ष्मण सिंह ने कहा कि सत्ता पाने के लिए महिलाओं का इस तरह से इस्तेमाल हजारों सालों से किया जा रहा है। लक्ष्मण सिंह राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री व केंद्रीय मंत्री दिग्विजय सिंह के भाई हैं, जो खुद भी विवादित टिप्पणियों के लिए चर्चा में रहते हैं।
बता दें कि सितंबर में हुए इस रैकेट के पर्दाफाश के बाद सैकड़ों की संख्या में हाईप्रोफाइल राजनीतिक हस्तियों की आपत्तिजनक वीडियो क्लिप बरामद हुई थीं। इनमें से कई राज्य सरकार में मंत्री और विधायक बताए जा रहे हैं।
राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि इन वीडियो क्लिप के जरिए कांग्रेस सरकार को अस्थिर करते हुए कमलनाथ को मुख्यमंत्री पद से हटाने की साजिश की जा रही थी। इस चर्चा के बीच लक्ष्मण सिंह ने रविवार को कहा, ऐसे कांड हजारों सालों से हो रहे हैं। महिला सत्ता की लड़ाई में उपयोग की जाती रही हैं। हालांकि उन्होंने आगे यह भी कहा कि किसी को महिला व ब्लैकमेल के उपयोग से हनी ट्रैप करना बेहद गलत है।
इस मामले में भाजपा की तरफ से की जा रही सीबीआई जांच की मांग पर लक्ष्मण सिंह ने कहा, उन्हें राज्य पुलिस की एसआईटी के जांच पूरी करने तक इंतजार करना चाहिए। उन्होंने कहा, यदि भाजपा एसआईटी की जांच से संतुष्ट नहीं होती है, तो सीबीआई जांच भी कराई जा सकती है।