इस तरह से रहेगा फिल्म सिटी का प्रारूप
- फोटो : सोशल मीडिया
मध्यप्रदेश के देवास जिले में फिल्म सिटी बनाने की प्रस्ताव है। यह फिल्म सिटी बायपास स्थित शंकरगढ़ की पहाड़ी पर बनाई जाएगी। टेलीफिल्म्स मुंबई की ओर से इसके लिए 150 करोड़ रुपये का प्रस्ताव दिया गया है। टेलीफिल्म कंपनी ने इसके लिए प्रेजेटेंशन भी दिया है।
दरअसल देवास के इंदौर-भोपाल बायपास पर शंकरगढ़ पहाड़ी स्थित है। किसी समय यहां उजाड़ हुआ करता था लेकिन प्रशासन ने कुछ साल पहले इसे हरियाली से परिपूर्ण किया है। यहां पर्यटन से जुड़ी गतिविधियां भी होती है तो पौधारोपण भी करवाया जा रहा है। इस पहाड़ी की सूरत संवारने के लिए देवास प्रशासन जुटा है। शंकरगढ़ की पहाड़ी की ऊंचाई काफी है और यह दूर से दिखाई देती है। बारिश और अन्य दिनों में यहां मनमोहक दृश्य होता है। आस्ट्रेलियन फिल्म शेरू द लायन की शूटिंग के अलावा कुछ फिल्मों की शूटिंग शंकरगढ़ की पहाड़ी पर हो चुकी है। कुछ साल पहले अभिनेता संजय दत्त समेत अन्य कलाकार इस पहाड़ी पर फिल्म की शूटिंग के लिए पहुंचे थे।
देवास सहित पूरे प्रदेश के लिए होगी सौगात
बुधवार को उद्योग विभाग के प्रमुख सचिव संजय शुक्ला देवास आए। उन्होंने विधायक गायत्रीराजे पवार, कलेक्टर चंद्रमौली शुक्ला और उद्योग विाभग के अधिकारियों के साथ बैठक की। उनके सामने टेलीफिल्म कंपनी ने प्रेजेंटेशन भी किया। प्रमुख सचिव संजय शुक्ला के साथ बैठक में रश्मि शर्मा टेलीफिल्म्स मुंबई की ओर से प्रस्ताव दिया गया कि वे पहले फेज में डेढ़ सौ करोड़ का निवेश करना चाहते हैं। यदि यह होता है तो देवास सहित पूरे मप्र के लिए बड़ी सौगात होगी और स्थानीय कलाकारों को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे और प्रतिभा को निखारने के मौके भी। इसके अलावा देवास का नाम भी फिल्म निर्माण के क्षेत्र में राष्ट्रीय पटल पर होगा।
सरकार को भेजेंगे प्रस्ताव
इस मामले में देवास विधायक गायत्रीराजे पवार का कहना है कि निवेशक आ रहे हैं। प्रस्ताव सरकार को भेजेंगे। सरकार तय करेगी कि यह योग्य जगह है तो फिर इसको कैसे करना है। शंकरगढ़ की पहाड़ी को फिल्म सिटी के रूप में विकसित करने का मैं प्रयास कर रही हूं। फिल्म सिटी बनती है तो देवास के लोगों को रोजगार मिलेगा। देवास कला से हमेशा से जुड़ा रहा है। कलेक्टर चंद्रमौली शुक्ला ने कहा कि चार महीने से इसे लेकर तैयारी की जा रही थी। बुधवार को 150 करोड़ के निवेश का प्रस्ताव आया है। विभाग की ओर से प्रमुख सचिव द्वारा इसे लेकर बैठक की गई है। यदि यह योजना साकार हो जाती है तो फिल्म सिटी विकसित करेंगे। देवास में एक ऐसी धरोहर होगी, जिसका राष्ट्रीय स्तर का महत्व होगा।