मध्यप्रदेश के रतलाम जिले में डायनामाइट के विस्फोट से किसान की दर्दनाक मौत हो गई। किसान ने खेत पर पहुंचकर सिंचाई के लिए जैसे ही मोटर चालू की उसी समय जोरदार धमाका हुआ और किसान का शव क्षत विक्षत हो गया। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों में आक्रोश है।
जानकारी के मुताबिक घटना रतलाम जिले के रत्तागढ़खेड़ा गांव की है। यह गांव रतलाम जिला मुख्यालय से करीब तीस किमी दूर है। यहां मंगलवार सुबह किसान लालसिंह सिंचाई के लिए खेत पर गए थे। सिंचाई के लिए जैसे ही किसान ने मोटर चालू की तो जोरदार धमाका हुआ और किसान की दर्दनाक मौत हो गई। जिस जगह विस्फोट हुआ वहां गहरा गड्ढा हो गया। किसान का शव भी क्षत-विक्षत हो गया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो घटना की जानकारी मिली। बताया गया कि किसी ने जमीन खोदने के लिए मोटर के स्टार्टर के नीचे डायनामाइट लगा दिया था। यह किसने किया इसकी जानकारी नहीं मिली। घटना के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया।