मध्यप्रदेश में संक्रमितों की संख्या 1402 पहुंच गई है। राज्य की आर्थिक राजधानी इंदौर के हालात दिनों दिन बिगड़ते जा रहे हैं। इंदौर सीएमओ डॉ प्रवीन जदिया के मुताबिक जिले में शनिवार को कोरोना संक्रमित एक मौत हुई है जबकि नौ नए मामलों की भी पुष्टि हुई है। अब इंदौर में कोरोना संक्रमित का आंकड़ा 890 पहुंच गया है।
सबसे ज्यादा प्रभावित इंदौर शहर है। इंदौर में अब कोरोना वायरस पॉजिटिव मामलों की संख्या 890 हो गई है। राज्य में अब तक हुई 69 लोग इस बीमारी की चपेट में आकर दम तोड़ चुके हैं। अकेले इंदौर में 47 लोगों की मौत हुई है। अधिकारियों के अनुसार, भोपाल और उज्जैन में छह, देवास में पांच, खरगोन में चार और छिंदवाड़ा में एक-एक व्यक्ति की मौत इस संक्रमण से हुई है।
राजधानी भोपाल में कोरोना वायरस के संक्रमण को हराकर अस्पताल से बाहर निकलने वाले 28 लोगों की एंबुलेंस पर जिला प्रशासन ने पानी की बौछार कर सलामी दी और तालियों के साथ उन्हें घर के लिए विदा किया। जनसंपर्क विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि भोपाल के 28 कोविड-19 मरीजों को शनिवार को स्वस्थ घोषित होने के बाद चिरायु अस्पताल एवं चिकित्सा महाविद्यालय से छुट्टी दी गई। इन लोगों की एम्बुलेंस रवाना होने के समय अस्पताल के दरवाजे पर पानी की बौछारों से सलामी दी गई और तालियों की साथ विदा किया गया।
इस बीच, कोरोना वायरस के संक्रमण से मुक्त के बाद घर लौटने से पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज छह ठीक हो चुके लोगों से बातचीत की। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अत्यंत हर्ष व उत्साह का विषय है कि आपने कोरोना को हराने में सफलता प्राप्त की है। चौहान ने कहा कि कोरोना का मतलब है हिम्मत और साहस। मुख्यमंत्री ने कहा, मैं आप सभी के साहस को प्रणाम करता हूं। आप सभी के सहयोग से हम प्रदेश में कोरोना को जल्द ही पूरी तरह परास्त कर देंगे।
मुख्यमंत्री चौहान ने चिरायु अस्पताल के संचालक डॉ. अजय गोयनका से कहा कि पीड़ित मानवता की सेवा करके आप बहुत बड़ा कार्य कर रहे हैं। आप वाकई बधाई के पात्र हैं। आपने कोविड-19 मरीजों के इलाज के लिए अस्पताल समर्पित किया और मरीजों के लिए अच्छी से अच्छी सुविधाएं उपलब्ध कराईं।
अधिकारी ने कहा, सीएम ही स्वास्थ्य मंत्री हैं
मध्यप्रदेश सरकार में एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को कहा कि ये कहना गलता है कि प्रदेश में कोई स्वास्थ्य मंत्री नहीं है, मुख्यमंत्री खुद ही स्वास्थ्य मंत्री हैं। शुक्रवार को कांग्रेस सांसद विवेक तनखा ने कहा था कि संकट के समय सरकार में कोई भी स्वास्थ्य मंत्री नहीं है। बता दें कि शिवराज सरकार में अभी कोई भी मंत्री नहीं है, क्योंकि 23 मार्च को सरकार गठन के बाद से ही मंत्रिमंडल का गठन नहीं हो पाया है।
रायसेन में पटवारी सहित तीन कर्मचारी निलंबित
रायसेन में राजस्व विभाग के तीन कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया क्योंकि ये तीनों एक तस्वीर में शराब को बोतल के साथ दिखे थे। बरेली उपखंड अधिकारी ब्रिजेंद्र रावत ने कहा कि ये तस्वीर सोशल मीडिया पर खूब शेयर हो रही थी। पटवारी अजय धाकड़, धर्मेंद्र मेहरा और दयाराम अरमा को निलंबित कर दिया गया। तीनों को उदयपुरा तहसीह मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया है।